सतना 11 जून. जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले में जल संरक्षण और संवर्धन के लिए 5 जून से हर दिन लगातार कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं, जो 16 जून तक जारी रहेगा। इसी क्रम में जल गंगा संवर्धन अभियान के अन्तर्गत रामनगर की टेगना ग्राम पंचायत की झिरिया नदी के संरक्षण के लिये वर्षा से पूर्व जल संरक्षण के लिए तालाब के गहरीकरण और सफाई का का कार्य किया जा रहा है।
अभियान के तहत ग्राम पंचायत के कर्मचारियों और ग्रामीणजनों ने जल संरक्षण के लिए तालाब गहरीकरण और सफाई का काम शुरू किया है। इस अवसर पर नागरिकों से अपील की गई कि जल संरचनाओं के आसपास साफ-सफाई और गहरीकरण के कार्यों में भागीदारी करें। राज्य शासन द्वारा जल संरचनाओं को पुनर्जीवित करने के अभियान में सहभागिता निभाते हुये अभियान का सफल बनाने में आवश्यक सहयोग प्रदान करें।
पोंड़ीगरादा के स्टॉपडैम का किया जा रहा जीर्णोद्वार
जिले भर में जल गंगा संवर्धन अभियान 16 जून तक चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्र में मनरेगा योजना से तालाब, बावड़ी, स्टाप डैम जैसे जल स्त्रोतों की साफ-सफाई और जीर्णोद्धार का कार्य किया जा रहा है। तालाबों के गहरीकरण और इनकी पाल को मजबूत करने का भी कार्य किया जा रहा है। साथ ही बारिश के मौसम में तेज जल प्रवाह के कारण ध्वस्त हो चुकी संरचनाओं की मरम्मत भी की जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को उचेहरा विकासखंड के पोंड़ीगरादा के स्टॉपडैम की मरम्मत का कार्य शुरु किया गया है। टूटी-फूटी स्टॉपडैम की बाउंड्री एवं कांक्रीट सतह की मरम्मत की जा रही है। इस कार्य में स्थानीयजनों द्वारा भी सहयोग किया जा रहा है। इसी प्रकार अभियान की कड़ी में रामनगर क्षेत्र के लिलजी बांध, असरार बांध, छाया सागर और नकतरा कैनाल के मरम्मतीकरण का कार्य किया गया।
गोवरांवखुर्द स्टॉपडैम की सफाई
जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत जल स्रोतों की साफ-सफाई और उनके गहरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। अभियान के तहत सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में जल संरक्षण एवं संवर्धन संबंधी गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को उचेहरा विकासखंड के गोवरांवखुर्द स्टॉपडैम की स्वच्छता के लिये सफाई अभियान चलाया गया। पंचायत के कर्मचारियों, स्थानीयजनों ने जनभागीदारी निभाते हुये सफाई कार्य में श्रमदान किया।
जीर्ण-शीर्ण कूप की हुई मरम्मत
जल गंगा अभियान में पुरानी और अनुपयोगी प्राकृतिक जल संरचनाओं का जीर्णोद्वार एवं आवश्यक निर्माण कार्य कराया जा रहा है तथा उन्हें उपयोगी बनाया जा रहा है। अभियान के क्रम में मंगलवार को मैहर जिले की ग्राम पंचायत पथरहटा में वर्षों से जीर्ण-शीर्ण एवं मरम्मत के अभाव में अनुपयोगी कूप की मरम्मत की गई। स्थानीय जनों ने जनभागीदारी निभाते हुये कूप के जीर्णोद्धार के लिये श्रमदान किया और आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई। जनसहयोग के माध्यम से कूप की संरचानाओं में आवश्यक सुधार का कार्य किया गया। जल गंगा संवर्धन अभियान के माध्यम से कूप को एक नया और उपयोगी स्वरुप प्रदान किया गया है। इसी प्रकार अभियान के तहत ग्राम जोवा की नालियों की सफाई का कार्य भी किया गया।
