– जिलों में सबसे कमजोर दमोह, तो अच्छा परफॉरमेंस नरसिंहपुर.
भोपाल. 23 अप्रैल. माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बुधवार को 10 वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी किया, जिसमें इस साल 58.10 प्रतिशत स्टूडेंट्स पास हुए हैं, बाकी 41.9 प्रतिशत स्टूडेंट्स फेल हो गए. यह परिणाम 6 साल में सबसे कम रहा. इस बार पिछले साल की तुलना में 5.19 प्रतिशत स्टूडेंट्स कम पास हुए. मेरिट में 82 स्टूडेंट्स में से सिर्फ 37 छात्र और 45 छात्राएं शामिल है.
प्रमुख सचिव रश्मि अरुण शमी ने बताया कि 10 वीं के नतीजे चितांजनक है. हमें सुधार लाना होगा. हम इस बारे में प्राचार्यों से भी चर्चा करेंगे. 10 वीं में इस बार 58.10 प्रतिशत छात्र-छात्राएं पास हुए, जबकि पिछले साल 63.29 प्रतिशत पास हुए थे. सबसे खराब रिजल्ट दमोह का रहा, जहां 41.39 प्रतिशत स्टूडेंट्स ही पास हुए हैं, वहीं, 9 जिले ऐसे हैं, जहां 50 प्रतिशत छात्र-छात्राएं भी पास नहीं हुए. सबसे अच्छा परफॉरमेंस नरसिंहपुर जिले का रहा, जहां 80.51 प्रतिशत छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल की है. कुल नतीजों में लडक़ों के मुकाबले लड़कियां ज्यादा पास हुई है. 10 वीं में 54.35 छात्र और 61.88 छात्राएं पास हुई हैं.
वही मंडल के सचिव केपी त्रिपाठी ने बताया कि हाईस्कूल के परिणाम घोषित करने के साथ ही पूरक यानी, सप्लीमेंट्री परीक्षा की तारीख भी घोषित कर दी है. पूरक परीक्षाएं 10 जून से शुरू होगी. उन्होंने कहा कि अंकसूची में यदि कोई गलती है, तो स्टूडेंट्स 3 महीने के भीतर उसे नि:शुल्क सुधार करा सकते हैं। तीन महीने के बाद उन्हें सशुल्क आवेदन करना पड़ेगा. यदि किसी स्टूडेंट को प्राप्त अपने अंकों को लेकर किसी प्रकार का संदेह है तो वे अपने प्राप्तांकों के सत्यापन के लिए अगले 15 दिन के भीतर आवेदन कर सकते हैं. यह आवेदन पोर्टल पर या फिर कियोस्क के माध्यम से कर सकते हैं.
सबसे खराब परफॉर्मेंस वाले 5 जिले (प्रतिशत में)
दमोह 41.39 शिवपुरी 43.75 प्रतिशत भिंड 45.11 प्रतिशत टीकमगढ़ 45.39 प्रतिशत उमरिया 47.74 प्रतिशत
सबसे अच्छी परफॉर्मेंस वाले 5 जिले
नरसिंहपुर 80.51 अलीराजपुर 71.23 बालाघाट 71.04 मंडला 70.75 अनूपपुर 70.29
10 वीं टॉप 10 में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर नहीं
कक्षा 10 की परीक्षा में टॉप 10 में कुल 82 बच्चे आए है, जोकि मुरैना, भिंड जैसे छोटे जिलों के है, वही भोपाल, इंदौर, ग्वालियर के किसी भी बच्चे इस सूची में शामिल नहीं पाएं. मंडल सचिव त्रिपाठी के अनुसार हाईस्कूल परीक्षा में 2 विषयों में अनुतीर्ण बच्चों को पूरक की पात्रता दी गई है.
12 वीं का परिणाम रहा संतोषजनक
12 वीं बोर्ड परीक्षा के घोषित नतीजों में इस साल 64.49 प्रतिशत स्टूडेंट पास हुए हैं. छह विषयों के टॉप में रीवा, सीरोंज. शाजापुर, सिवनी के छात्र- छात्राएं रहे, वही भोपाल के स्टूडेंट्स टॉप 15 के बाद स्थान पा सकें. सुभाष एक्सीलेंस शाला से कला संकाय में 16 वें स्थान पर पलक सिंह, 17 वें पर बबली मीना, 22 वें नबंर पर गीत अहिरवार, 23 वें पर कनिष्क दुबे रही. गणित में 8 वें क्रम पर सरदार पटेल करोंद के आदित्य गौड़, 29 वें क्रम में पुष्पेंद्र राजपूत, वाणिज्य में आयुष झा माडल स्कूल, जीव विज्ञान में डेफोडल्सि इकबाल कॉलोनी की गौहर तनवीर आदि रही. छह संकाय में कुल 132 स्टूडेंट्स ने स्टेट मेरिट लिस्ट में जगह बनाई हैं। इनमें 13 स्टूडेंट भोपाल के हैं, जबकि इंदौर से एक स्टूडेंट है. इस परीक्षा में कुल 7,501 परीक्षा केंद्रों पर 8 लाख 57 हजार स्टूडेंट्स शामिल हुए. 12 वीं बोर्ड के फेल छात्रों के लिए सप्लीमेंट्री एग्जाम 08 जून को होगा.
—
