पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता से होगा लोकसभा चुनाव – प्रतिभा पाल

Satnafirst Desk
2 Min Read

– स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में कलेक्टर ने चुनाव कार्यक्रमों की दी जानकारी

WhatsApp Group Join Now

रीवा, 16 मार्च. कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में लोकसभा चुनाव के लिए गठित स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिभा पाल ने कहा कि रीवा लोकसभा क्षेत्र के लिये निर्वाचन आयोग द्वारा कार्यक्रम की घोषणा कर दी गयी है। इसके साथ ही पूरे लोकसभा क्षेत्र में चुनाव की आदर्श आचरण संहिता लागू हो गयी है। पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता से लोकसभा चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। इसके लिए सभी प्रबंध किए जा रहे हैं। लोकसभा चुनाव के अधिसूचना 28 मार्च को जारी की जायेगी। इसी दिन से नामांकन पत्र दाखिल किये जायेंगे।

बैठक में कलेक्टर ने बताया कि मतदान केन्द्र की व्यवस्था, मतदाता सूची पुनरीक्षण, अपराधियों पर की जा रही कार्यवाही, कोलाहल नियंत्रण अधिनियम, सम्पत्ति विरूपण अधिनियम, मतदान दल गठन, ईव्हीएम से मतदान, मतदान दलों के प्रशिक्षण तथा निर्वाचन से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सी विजिल एप से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। जिला स्तरीय कंट्रोल रूम भी 24 घंटे कार्य करेगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने कानून और व्यवस्था के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में आयुक्त नगर निगम श्रीमती संस्कृति जैन, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रेयस गोखले तथा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

रीवा लोकसभा क्षेत्र के नामांकन पत्र कलेक्ट्रेट कार्यालय रीवा में दाखिल किये जायेंगे। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 4 अप्रैल है। दाखिल नामांकन पत्रों की जांच 5 अप्रैल  को की जायेगी। उम्मीदवार 8 अप्रैल तक नाम वापस ले सकते हैं। नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद उम्मीदवारों की सूची जारी की जायेगी। इसी दिन उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किये जायेंगे। निर्धारित मतदान केन्द्रों में 26 अप्रैल को मतदान होगा। मतगणना जिला मुख्यालय रीवा में 4 जून को होगी। मतदान ईव्हीएम और व्हीव्हीपैट मशीन के माध्यम से कराया जायेगा। व्हीव्हीपैट में मतदाता अपने मतदान की पुष्टिकरण पर्ची देख सकता है।

Share This Article