कलेक्टर ने मतदाता जागरुकता वाहन को दिखाई हरी झंडी

Satnafirst Desk
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now

-75 प्रतिशत से कम मतदान वाले विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगे वाहन.

सतना 21मार्च. लोकसभा निर्वाचन-2024 में मतदान का प्रतिशत बेहतर हो, इसके लिये 75 प्रतिशत से कम मतदान वाले विधानसभा क्षेत्रों में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय मध्यप्रदेश द्वारा विशेष मतदाता जागरुकता प्रचार वाहन प्रदेश के जिलो को उपलब्ध कराये गये हैं। सतना जिले के लिये उपलब्ध कराये गये प्रचार वाहनों को बुधवार को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने संयुक्त कलेक्ट्रेट परिसर सतना से हरी झंडी दिखाकर विधानसभा क्षेत्रों के लिये रवाना किया।

विशेष प्रचार वाहन लोकसभा निर्वाचन 2024 की थीम चुनाव का पर्व, देश का गर्व को मतदाताओ तक पहुंचाने ’’मै भारत हूं, भारत है मुझमें-मैं ताकत हूं, ताकत है मुझमे’’ संगीत का प्रसारण एवं एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लघु फिल्मों का प्रदर्शन करते हुये विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगे। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत संजना जैन, एसडीएम राहुल सिरोढ़िया, सहायक नोडल अधिकारी स्वीप सौरभ सिंह, सहायक संचालक श्याम किशोर द्विवेदी, इलेक्शन सुपरवाइजर द्वारिकेंद्र सिंह उपस्थित रहे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से प्राप्त मतदाता जागरुकता वाहन के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया जाएगा। इन प्रचार वाहनों के द्वारा विगत विधानसभा निर्वाचन- 2023 में जिन विधानसभा क्षेत्रों में मतदान का प्रतिशत 75 फीसदी से कम था, उनमें लोकसभा निर्वाचन-2024 के दौरान मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिये विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे चिन्हित विधानसभा क्षेत्रों में एक माह तक जागरुकता प्रचार वाहन के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा।

लघु फिल्म, स्लोगन, पोस्टर के माध्यम से मतदाताओं को मतदान का महत्व और लोकतंत्र में उनके एक वोट की क्या कीमत है, इसके बारे में जागरूक किया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर्स को 20 अप्रैल तक विधानसभा क्षेत्र में पहुंच रहे मतदाता जागरुकता वाहन के माध्यम से प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।

सतना जिले में चित्रकूट, रैगांव, सतना, रामपुर बघेलान विधानसभा के लिये कुल 4 वाहन प्राप्त हुये हैं। जिनमें फिलहाल प्राप्त 2 प्रचार रथों को रैगांव एवं चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में रुटचार्ट देकर रवाना किया गया है।

Share This Article