सतना 22 मार्च . कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा के निर्देशन में जिले में मतदाताओं को जागरूक करने एवं मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप गतिविधियां जारी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को रामपुर बघेलान विधानसभा अंतर्गत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत शासकीय महाविद्यालय रामपुर बघेलान के छात्र-छात्राओं द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर रैली निकली गई तथा ग्रामवासियों को मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन कैंपस एंबेसडर डॉक्टर रीना शर्मा द्वारा किया गया। इसी प्रकार स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय बिरसिंहपुर में छात्र-छात्राओं के बीच निर्वाचन प्रक्रिया में आचार संहिता का महत्व विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। जनपद पंचायत सोहावल के ग्राम पंचायत नकटी के कर्मचारियों और ग्रामीणवासियों ने भी ग्राम पंचायत अंतर्गत पैदल रैली निकालकर पोस्टर और मतदाता जागरुकता के स्लोगन के माध्यम से मतदाताओं को जागरुक किया।
प्रचार वाहन ने भी किया मतदाताओं को जागरुक
निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा निर्वाचन में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष प्रचार वाहन उपलब्ध कराये गये हैं। इन प्रचार वाहनों को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा द्वारा विधानसभा क्षेत्रों के लिये रवाना किया गया है। गुरुवार को विशेष प्रचार वाहन ने रामपुर बघेलान विधानसभा क्षेत्र में भ्रमण कर मतदाताओं के बीच मतदान करने और लोकतंत्र में मतदान के महत्व को लघु फिल्मों और संगीत के माध्यम से प्रसारित किया।
25 मार्च को संपूर्ण मैहर जिले के लिये शुष्क दिवस घोषित
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट मैहर रानी बाटड ने 25 मार्च को संपूर्ण मैहर जिले के लिये शुष्क दिवस घोषित रखने का आदेश जारी किया है। कलेक्टर ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 24 के तहत आदेश जारी करते हुये 25 मार्च 2024 सोमवार अर्थात् होली (जिस दिन रंग खेला जायेगा) का त्यौहार होने पर कानून व्यवस्था की दृष्टि से जिले में शुष्क दिवस घोषित किया है। इसके अनुसार 24 मार्च को रात्रि 11ः30 बजे से 25 मार्च 2024 को सायं 5 बजे तक संपूर्ण मैहर जिले में स्थित समस्त कंपोजिट मदिरा दुकानें, होटल बार (एफ.एल.-3), विदेशी विनिर्माण इकाई (एफ.एल.-9) पूर्णतः बंद रखी जायेंगी। इस अवधि में मदिरा दुकानों पर विक्रय तथा मदिरा परिवहन पूर्णतः निषेध रहेगा।
