प्रचार वाहन ने भी मतदाताओं को किया जागरुक
कम मतदान प्रतिशत वाली विधानसभाओं के लिये उपलब्ध कराये गये प्रचार वाहनों द्वारा भी मतदाता जागरुकता कार्यक्रम के तहत मतदाताओं को जागरुक किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को प्रचार वाहन ने चित्रकूट विधानसभा अंतर्गत जनपद पंचायत मझगवां विभिन्न ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर मतदाता जागरुकता पर बनी लघु फिल्मों और संगीत का प्रसारण कर मतदाताओं को जागरुक किया।
वनांचल क्षेत्रों में आज होंगी स्वीप गतिविधियां
स्वीप गतिविधियों के जारी कैलेंडर के अनुसार 23 मार्च को वन क्षेत्रों में तेंदूपत्ता संग्राहकों, वनांचल में निवासरत ग्रामीण मतदाताओं के बीच मतदाता जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।
कंट्रोल रुम में उपस्थिति नहीं देने पर दो कर्मचारियों को नोटिस
लोकसभा निर्वाचन 2024 में चौबीसों घंटे सूचनाओं और शिकायतों के आदान-प्रदान के लिये जिला स्तर पर कंट्रोल रुम गठित किया जाकर अधिकारियो-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी आदेशानुसार कंट्रोल रुम में एमपीडब्ल्यू चंद्रकांत पाठक की ड्यूटी रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक और सहायक ग्रेड-3 संतोष कुमार की ड्यूटी दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक के लिये लगाई गई है। लेकिन ड्यूटी आदेश जारी होने के बाद से अभी तक चंद्रकांत पाठक और संतोष कुमार द्वारा उपस्थिति दर्ज नहीं कराई गई है।
संबंधितों के इस कृत्य से कंट्रोल रुम का कार्य बाधित हुआ है। इस पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने दोनो कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुये 24 घंटे के अंदर समाधानकारक जवाब देने के निर्देश दिये हैं। जारी नोटिस में कहा गया है कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण के कार्य के प्रति लापरवाही और उदासीनता बरतना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। क्यों न मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) 1966 के नियम 10 के तहत आपको अनुपस्थित मानते हुये अनुपस्थित दिनांको का वेतन रोका जाये।
संभागीय कमिश्नर निर्वाचन की तैयारियों की करेंगे समीक्षा
रीवा संभाग के कमिश्नर गोपालचंद्र डाड 23 मार्च को लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिये संसदीय क्षेत्र सतना में प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। समीक्षा बैठक संयुक्त कलेक्ट्रेट सभाकक्ष सतना में अपरान्ह 4 बजे से आयोजित की गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने सतना और मैहर जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर्स लोकसभा एवं संबंधित अधिकारियों को बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिये हैं।
डाक मतपत्रों के मुद्रण के लिये नोडल अधिकारी नियुक्त
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने लोकसभा निर्वाचन 2024 के दौरान डाक मतपत्रों के मुद्रण संबंधी समस्त कार्यों के लिये प्रभारी डिप्टी कलेक्टर लक्ष्यराम जागड़े को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। नोडल अधिकारी श्री जागड़े भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत डाक मतपत्रों की मुद्रण संबंधी व्यवस्थायें संपन्न कराये जाने के लिये उत्तरदायी होंगे।
पीठासीन और मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण 27 मार्च को
लोकसभा निर्वाचन 2024 के दौरान मतदान दलों में नियुक्त किये जाने वाले पीठासीन और मतदान अधिकारी क्रमांक-1 का प्रशिक्षण 27 मार्च को आयोजित होगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा समस्त सहायक रिटर्निंग ऑफिसर्स लोकसभा एवं विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि अपने अधीनस्थों को प्रशिक्षण की जानकारी से अवगत कराते हुये 25 मार्च तक अभिस्वीकृति की हस्ताक्षरित प्रति उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
