सतना .लोकसभा निर्वाचन 2024 में प्रत्येक मतदाता की वोट को सुनिश्चित करने के लिए सतना के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा के निर्देशन में स्वीप कार्यक्रम के तहत अलग-अलग प्रकार की गतिविधियों का आयोजन कर मतदाताओं को जागरुक किया जा रहा है। इसी कड़ी में सतना शहर में लोकसभा चुनाव में मतदान दिवस 26 अप्रैल की जानकारी देने विशाल एयर बैलून कलेक्ट्रेट भवन सतना के कार्यालय से मुक्त आकाश में लगाया गया है। स्वीप गतिविधियों के लिये तय रुपरेखा अनुसार यह विशाल बैलून लगाया गया है। जो लोकसभा निर्वाचन के लिये 26 अप्रैल को शत-प्रतिशत मतदान के उद्देश्य को पूरा करेगा। कलेक्ट्रेट पर लगाए गए इस एयर बैलून पर 26 अप्रैल के दिन अपने-अपने बूथों पर जाकर वोट डालने की तिथि को भी अंकित किया गया है। यह बैलून शहर के विभिन्न इलाकों में दूर-दूर तक नजर आएगा और लोग इस बैलून पर लिखे एक-एक शब्द से प्रेरित होंगे और मतदान दिवस को अपने मत का प्रयोग करेंगे।
