सतना 18 अप्रैल. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से लोकतन्त्र के महापर्व में अपनी सहभागिता करते हुए लोकसभा निर्वाचन-2024 के विभिन्न चरणों में मतदान जरूर करने का आह्वान किया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा है कि मतदान केन्द्र पर पहुँचकर निर्भय होकर मतदान कर भारतीय लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभायें।
उन्होंने कहा कि मतदाता समृद्ध लोकतांत्रिक परम्पराओं के संवाहक हैं। मतदाताओं की सक्रिय सहभागिता से ही लोकतंत्र परिष्कृत और समृद्ध बनता है। मतदान से लोकतांत्रिक परम्परा को अधिक समृद्ध बनाने, संवैधानिक कर्तव्य निभाने का एक और अवसर मिला है। श्री राजन ने कहा है कि लोकतंत्र में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया एक महत्वपूर्ण सोपान है। उन्होंने राज्य के प्रत्येक मतदाता से स्वतंत्र और निर्भीक होकर मतदान अवश्य करने की अपील की है। राजन ने कहा है कि मतदान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए हैं। किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी।
राजन ने कहा है कि सम्पूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया को सहज, सुगम और समावेशी बनाने के लिये 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाताओं को घर से मतदान करने की सुविधा दी गयी हैं। “सक्षम एप“ से दिव्यांग मतदाता अपने लिये व्हील चेयर या अन्य जरूरी सहायक उपकरण के लिये अनुरोध कर सकते हैं। बुजुर्गों को कतार में न लगना पड़े, इसके लिए उन्हे पहले मतदान करने की सुविधा दी जा रही है। सभी मतदान केंद्रों में छाया एवं पीने के लिए ठंडा पानी, दवा आदि की समुचित व्यवस्थाएँ की गई हैं।
सामग्री वितरण एवं वापसी स्थल के लिए मेडीकल टीम तैनात
20 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से भरकर फार्म-12 (क) जमा करें
नोडल अधिकारी डाकमत पत्र प्रकोश्ठ अधिकारी द्वारा बताया गया कि लोकसभा निर्वाचन 2024 मतदान हेतु कार्यालय/विभाग के अधीनस्थ कर्मचारियों के फार्म-12 (क) भरकर प्रशिक्षण स्थल पर प्रस्तुत किया जाना है। जिन कर्मचारियों ने अभी तक फार्म-12 (क) भरकर जमा नहीं किये है। उन्हें फार्म-12 (क) भरकर 20 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से जिला निर्वाचन कार्यालय के डाकमत प्रकोश्ठ में जमा करने के लिए निर्देशित किया गया है।
शंका समाधान सत्र 22 अप्रैल को
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोकसभा आम निर्वाचन 2024 के लिए द्वितीय चरण के निर्वाचन में शामिल होने वाले लोकसभा मुख्यालय के जिले में रिटर्निग आफीसर, सहायक रिटर्निग आफीसर और जिला निर्वाचन अधिकारी के लिए मतदान दिवस व्यवस्थाओं पर माइक्रोसाफ्ट टीम के माध्यम से आनलाईन डाउट क्लीयरिंग सेशन आयोजित किया गया है। यह कार्यक्रम 22 अप्रैल को प्रातः 11 बजे दोपहर 1 बजे तक आनलाईन आयोजित किया जायेगा।
