- अमरपाटन के रामनगर में पोलिंग एजेंट से मोबाइल जब्त.
भोपाल /सतना, 26 अप्रैल. सतना संसदीय सीट पर शुक्रवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। सतना और मैहर जिले के 1950 मतदान केंद्रों में 17 लाख 7 हजार मतदाता वोट डालेंगे। सतना लोकसभा सीट पर सुबह 11 बजे तक कुल 30.32 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है। सुबह से मतदान केंद्रों पर वोटर्स की कतार लगी हुई हैं।
| सतना लोकसभा सीट | 9 बजे तक मतदान प्रतिशत |
| चित्रकूट | 13.22 प्रतिशत |
| रैगांव | 14.65 प्रतिशत |
| सतना | 13.78 प्रतिशत |
| नागौद | 10.08 प्रतिशत |
| मैहर | 15.17 प्रतिशत |
| अमरपाटन | 14.69 प्रतिशत |
| रामपुर | 13.78 प्रतिशत |
| कुल | 13.59 प्रतिशत |
कांग्रेस-भाजपा के बीच मुख्य मुकाबला
भाजपा से चार बार के सांसद गणेश सिंह मैदान में हैं, जबकि कांग्रेस से सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा प्रत्याशी हैं। बसपा ने चार बार मैहर के विधायक रह चुके नारायण त्रिपाठी को मैदान में उतारा है। सतना और मैहर जिले में फैले 7 विधानसभा चित्रकूट, रैगांव, सतना, नागौद, मैहर, अमरपाटन, रामपुर वाले सतना संसदीय क्षेत्र में क्रिटिकल मतदान केंद्रों की संख्या 458 है, जबकि 84 बूथ वल्नरेबल चिह्नित किए गए हैं।
सतना क्षेत्र में हर विधानसभा में 5 के मान से 35 आदर्श मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। सबसे अधिक 307 मतदान केंद्र और सर्वाधिक 266497 मतदाता रामपुर बाघेलान क्षेत्र में हैं ,जबकि सबसे कम 257 मतदान केंद्र और सबसे कम 221042 मतदाता चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में हैं।
सतना, रीवा समेत छह लोकसभा संसदीय क्षेत्रों में मतदान शुरू, चुनाव मैदान में 80 अभ्यर्थी
लोकसभा निर्वाचन के दूसरे चरण में प्रदेश के छह लोकसभा संसदीय क्षेत्रों में शुक्रवार, 26 अप्रैल को मतदान हो रहा है। दूसरे चरण की छह लोकसभा संसदीय क्षेत्रों के लिये 80 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में है। जिसमें 75 पुरूष अभ्यर्थी, 4 महिला अभ्यर्थी एवं एक थर्ड जेण्डर अभ्यर्थी लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-7 दमोह से है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया है कि लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-6 टीकमगढ़ (अजा) में 7 अभ्यर्थी, क्रमांक-7 दमोह में 14 अभ्यर्थी, क्रमांक-8 खजुराहो में 14 अभ्यर्थी, क्रमांक-9 सतना में 19 अभ्यर्थी, क्रमांक-10 रीवा में 14 अभ्यर्थी एवं क्रमांक-17 होशंगाबाद में 12 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। सबसे अधिक लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-9 सतना में 19 अभ्यर्थी एवं सबसे कम लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-6 टीकमगढ़ में 7 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में है। इन संसदीय क्षेत्रों मे सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जायेगा।
दूसरे चरण में 12 हजार 828 मतदान केन्द्र बनायें गये
राजन ने बताया कि दूसरे चरण के छह लोकसभा संसदीय क्षेत्रों में कुल 12 हजार 828 मतदान केन्द्र बनायें गये है। इनमें 6 सहायक मतदान केन्द्र भी शामिल हैं। दूसरे चरण में 1 हजार 136 मतदान केन्द्र महिला मतदान कर्मियों द्वारा संचालित किये जायेंगे। 498 आदर्श मतदान केन्द्र भी बनाये गये हैं। 32 मतदान केन्द्र दिव्यांग मतदान कर्मियों द्वारा संचालित किये जाएंगे।
247 करोड़ से अधिक मूल्य की विभिन्न सामग्रियां जब्त
लोकसभा निर्वाचन-2024 की आदर्श आचार संहिता प्रभावशील होने के बाद पुलिस एवं अन्य एन्फोर्समेंट एजेंसियों द्वारा 25 अप्रैल तक 20 करोड़ 73 लाख रूपये नगद राशि सहित 247 करोड़ 57 लाख रूपये मूल्य की विभिन्न सामग्रियां जब्त की गयी हैं। गौरतलब है कि लोकसभा निर्वाचन-2019 में आदर्श आचार संहिता के दौरान 85 करोड़ 12 लाख रूपये मूल्य की विभिन्न सामग्रियां जब्त की गयी थीं।
गत 25 अप्रैल तक 23 लाख 19 हजार लीटर से अधिक अवैध मदिरा भी जब्त की गयी है, जिसका मूल्य 34 करोड़ 33 लाख रूपये है। इसी तरह 22 करोड़ 30 लाख रूपये मूल्य के 16 हजार 742 किलोग्राम से अधिक ड्रग्स और 11 करोड़ 74 लाख रूपये मूल्य की 2 हजार 155 किलोग्राम से अधिक कीमती धातुएँ भी जब्त की गई हैं। साथ ही 158 करोड़ 47 लाख रूपये मूल्य की अन्य मूल्यवान सामग्रियां भी जब्त की गई हैं।
