सतना 2 मई. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सतना अजय श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में नेशनल लोक अदालत 11 मई 2024 को जिला एवं तहसील स्तर पर आयोजित की जायेगी। नेशनल लोक अदालत के आयोजन को सफल बनाने गुरुवार को एडीआर भवन में विद्युत कंपनी के अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं के मध्य पूर्व तैयारी बैठक हुई।
WhatsApp Group Join Now
विशेष न्यायाधीश प्रशांत कुमार निगम ने बताया कि आगामी नेशनल लोक अदालत के माध्यम से विद्युत संबंधी प्रकरणों का निराकरण किया जायेगा। जिन उपभोक्ताओं के बिजली बकाया है, ऐसे उपभोक्ता नेशनल लोक अदालत के माध्यम से शासन स्तर से मिलने वाली छूट का लाभ उठा सकते हैं। बिजली विभाग के अधिकारी उपभोक्ताओं को नोटिस/वारंट की तामीली समय से कराना सुनिश्चित करें। नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक विद्युत संबंधी प्रकरणों का निराकरण किया जा सके। इसके लिये सभी का सहयोग आवश्यक है। इस मौके पर न्यायाधीश सुधीर मिश्रा, सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण पावस श्रीवास्तव, विधिक सहायता अधिकारी मुहम्मद जिलानी सहित एमपीईबी के अधिकारी एवं बिजली विभाग के पैनल लायर्स उपस्थित थे।
