– स्कूल शिक्षा मंत्री सिंह ने जारी की रिपोर्ट.
भोपाल, 21 फरवरी. स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बुधवार को मंत्रालय में प्रारंभिक शिक्षा स्तर पर जिलों में सम्पादित किये गये कार्यों के आधार पर जिलों की शैक्षणिक रिपोर्ट जारी की। यह रिपोर्ट दिसम्बर 2023 तक के आंकड़ों के आधार पर तैयार की गई है. इस मौके पर संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र धनराजू एस भी मौजूद थे.
स्कूल शिक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि समग्र शिक्षा अभियान में तैयार की गई रिपोर्ट स्कूल शिक्षा के गुणात्मक सुधार में महत्वपूर्ण रोल अदा करेगी। उन्होंने कहा कि घुमंतु जाति के परिवारों के स्कूल जाने वाले बच्चों की पढ़ाई में रूकावट न आयें, इसके लिये ऐसा कार्ड तैयार किया जायेगा, जिसके आधार पर एक स्थान छोड़कर अन्य स्थान जाने पर कार्ड के आधार पर बच्चें को स्कूल में एडमिशन दिया जायेगा। पिछले दो दशकों में स्कूल शिक्षा के गुणात्मक सुधार के लिये ठोस प्रयास किये गये है। प्रदेश में सीएम राईज स्कूल और पीएमश्री स्कूल खोले जा रहे है। इन स्कूलों में विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय सुविधा उपलब्ध कराये जाने के प्रयास किये जा रहे है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के 22 जिलों में यूनिफार्म बनाने का कार्य स्व सहायता समूह के माध्यम से किया जा रहा है। शेष जिलों में बच्चों के बैंक खातों में यूनिफार्म की राशि हस्तांरित की जा रही है। सरकारी स्कूलों में बच्चों को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तके समय पर वितरित की जायेंगी। इसके निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये गये है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में बच्चों के ड्रॉप आउट रेट को कम करने के भी प्रयास किये जा रहे है।
बॉटम में भोपाल और सागर जैसे जिले शामिल
रिपोर्ट में बताया गया है कि मध्यप्रदेश का 2023–24 का शैक्षणिक रिपोर्ट कार्ड जारी कर दिया गया है। प्रारंभिक शिक्षा का जिला रिपोर्ट कार्ड शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने जारी किया। शैक्षणिक रिपोर्ट कार्ड में छतरपुर, खंडवा और डिंडोरी टॉप 3 जिलों में शामिल है। नरसिंहपुर जिला लगातार तीसरी बार पांचवे स्थान पर बरकरार रहा। रिपोर्ट के अनुसार बड़े शहरों में शिक्षा का स्तर गिरा है। बॉटम में भोपाल और सागर जैसे जिले शामिल है। सीधी, राजगढ़ और रीवा ने अपनी रैंकिंग में सबसे ज्यादा सुधार किया है वहीं श्योपुर, कटनी और इंदौर ने सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की है। संभागवार बात करें तो स्कूल शिक्षा के मामले में जबलपुर संभाग ने टॉप किया है। सागर संभाग दूसरे नंबर पर रहा। वहीं नर्मदापुरम संभाग तीसरे नंबर पर रहा।
सीधी जिले की रैंकिंग बढ़कर 12वीं
सीधी जिले की रैंकिंग पिछले वर्ष 46वें नम्बर पर थी। इस वर्ष दिसम्बर 2023 में सीधी की रैंकिंग बढ़कर 12वीं हो गई। श्योपुर जिले में शैक्षणिक गुणवत्ता में गिरावट दर्ज हुई है। इसकी रैंकिंग पिछले वर्ष 22वें स्थान की थी, जो इस वर्ष 45वें स्थान की हो गई। यह रिपोर्ट बच्चों के नामांकन और ठहराव, सीखने के परिणाम और गुणवत्ता, शिक्षक व्यवसायिक विकास, समानता, अधोसंरचना तथा सुविधाएँ, सुशासन प्रक्रियाएँ एवं वित्तीय प्रबंधन और नवभारत साक्षरता कार्यक्रम पर तैयार की गई है।
