बागेश्वर धाम में देखने को मिलती सनातन संस्कृति की झलक- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Satnafirst Desk
3 Min Read
  • बागेश्वर धाम में सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव, नव दंपत्तियों को मुख्यमंत्री ने दिया आशीर्वाद
WhatsApp Group Join Now

भोपाल, 8 मार्च. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बागेश्वर धाम में सनातन संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। क्षेत्र के सभी धार्मिक स्थलों का विकास किया जाएगा और पुरातन समय के प्रत्येक मंदिरों में पूजन का प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश धर्म के मार्ग पर चल रहा है और विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है। भारत 21वीं शताब्दी में दुनिया में सर्वोच्च स्थान पर पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री, महाशिवरात्रि पर छतरपुर जिले के ग्राम गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम में आयोजित विशाल सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने सफल और सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने नव दंपत्तियो को आशीर्वाद दिया। डॉ. यादव ने कहा कि सामूहिक विवाह के गौरवशाली आयोजन में शामिल होने का अवसर मिलने से जीवन धन्य हो गया। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केनबेतवा लिंक परियोजना के क्रियान्वयन से बुंदेलखंड में समृद्धि आएगी। उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि से हुई किसानों को फसल क्षति की भरपाई के लिए सरकार संवेदनशील है। किसानों को फसल नुकसान की शत-प्रतिशत राशि का भुगतान किया जाएगा। सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताया।

शर्मा ने कहा कि आइकॉनिक सिटी खजुराहो के साथ बागेश्वर धाम की भी देश में अलग पहचान स्थापित हुई है। हरियाणा से आए कुश्ती पहलवान दलीप सिंह राणा उर्फ खली ने एक स्थल पर गरीब कन्याओं के विवाह आयोजन को अनूठा और समाज के लिए अनुकरणीय बताया।

पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री से लिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री और देश के अन्य स्थानों से उपस्थित संतों का आशीर्वाद भी प्राप्त किया। सामूहिक विवाह महोत्सव के कार्यक्रम में गरीब परिवार की 156 कन्याओं के विवाह हुआ। बागेश्वर धाम में बुंदेलखंड महाकुंभ के अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम का यह पंचम आयोजन था। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, कैबिनेट मंत्री विजय शाह, राकेश सिंह, गोविंद सिंह राजपूत, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेन्द्र लोधी एवं राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल उपस्थित थे।

Share This Article