हादसों का शनिवार : 5 सडक़ दुर्घटनाओं में पुलिस कांस्टेबल समेत 5 की मौत

Satnafirst Desk
7 Min Read
पांच जख्मी घायलों में सब इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल शामिल.
सतना, शनिवार का दिन सतना और मैहर जिलों के लिए हादसों के नाम रहा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 20 घंटों के दौरान घटित हुए 5 गंभीर सडक़ दुर्घटनाओं में पुलिस आरक्षक समेत 5 लोगों की जान चली गई। सब इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल समेत 5 बुरी तरह घायल हैं, जिनको इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
केस-1
अमदरा टीआई संजय दुबे ने बताया कि ऋषिकेश पुत्र राजू कुशवाहा 19 वर्ष और सुरेन्द्र उर्फ चमन पुत्र विजय कुशवाहा 20 वर्ष, निवासी पुंछी थाना कुठिला, जिला कटनी, शुक्रवार रात को बाइक क्रमांक एमपी 21 एमएल 5586 पर सवार होकर घर जा रहे थे, तभी लगभग 9 बजे झुकेही में कैमोर रोड पर ट्रक क्रमांक यूपी 95 टी 2686 ने जोरदार टक्कर मारते हुए बाइक को चपेट में ले लिया। इस हादसे में बुरी तरह घायल ऋषिकेश ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सुरेन्द्र को एम्बुलेंस से आनन-फानन कटनी जिला चिकित्सालय रवाना किया गया। शनिवार सुबह मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराते हुए ट्रक चालक के खिलाफ धारा 279, 337 और 304ए के तहत कायमी की गई, इसके साथ ही ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है।
केस-2
बदेरा थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे एक युवक की जान चली गई। टीआई आदित्य सेन ने बताया कि शिवम सिंह पुत्र गंगा सिंह रघुवंशी 27 वर्ष, निवासी बराकला, किसी काम से बाइक क्रमांक एमपी 19 एमजे 5498 को लेकर जा रहा था। इसी दौरान एमपीईबी कार्यालय के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर सडक़ से उतर गई और घिसटते हुए झाडिय़ों में जा गिरी। इस दुर्घटना में गंभीर चोट आने से शिवम की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
केस-3
जैतवारा थाना अंतर्गत दुदुआर के पास ट्रैक्टर पलटने से 2 लोगों की मौत हो गई। टीआई पंकज शुक्ला ने बताया कि भोला पुत्र कल्लू मवासी 35 वर्ष, निवासी जिल्लहा, थाना मझगवां, शनिवार दोपहर को तकरीबन साढ़े 12 बजे अपने परिचित सक्षम पुत्र हीरामणि द्विवेदी 19 वर्ष, निवासी मोहनी थाना बरौंधा, के साथ ट्रैक्टर लेकर काम पर जा रहा था। इसी दौरान ढलान में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सडक़ से नीचे पलट गया, जिससे दोनों लोग नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को मृतकों के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला। अंतत: उनके मोबाइल फोन के जरिए शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी गई और फिर घर वालों के आने पर कोठी में शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।
केस-4
WhatsApp Group Join Now

मझगवां थाना अंतर्गत कडिय़न मोड़ के पास ट्रक अचानक पेड़ से टकरा गया, जिससे ड्राइवर बुरी तरह घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि चालक सुनील पुत्र धर्मराज 30 वर्ष, निवासी बैढऩ, जिला सिंगरौली, ट्रेलर ट्रक लेकर चित्रकूट की तरफ जा रहा था। तब शनिवार तडक़े कडिय़न मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे लगे पेड़ से टकरा गया। यह टक्कर इतनी जोर से हुई कि ट्रक का केबिन बुरी तरह पिचक गया और ड्राइवर अंदर ही फंस गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत घटना स्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर सुनील को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेज दिया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सतना रेफर कर दिया गया।

केस-5
बाइक सवार को बचाने में पेड़ से भिड़ी पुलिस जीप, आरक्षक मृत, चौकी प्रभारी समेत 3 गंभीर नागौद थाना क्षेत्र की पोंड़ी चौकी से एनडीपीएस एक्ट के आरोपी को जिला न्यायालय ला रही पुलिस जीप सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक आरक्षक की जान चली गई, तो वहीं चौकी प्रभारी और हेड कांस्टेबल समेत आरोपी घायल हो गया। एसपी आशुतोष गुप्ता ने बताया कि पोंड़ी चौकी प्रभारी अरूण त्रिपाठी, अपने सहकर्मी प्रधान आरक्षक पंकज मिश्रा और आरक्षक क्रांती मिश्रा के साथ एनडीपीएस एक्ट के आरोपी को लेकर शनिवार शाम न्यायालय आ रहे थे, तकरीबन सवा 5 बजे सोहावल मोड़ से आगे पहुंचते ही गलत दिशा से बाइक सवार अचानक सामने आ गया, जिसको बचाने के प्रयास में बोलेरो अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। इस दुर्घटना में सभी लोग बुरी तरह घायल हो गए, जिनको आनन-फानन जिला चिकित्सालय लाया गया।
पुलिसकर्मी किए गए रीवा रेफर
गंभीर हालत के चलते चौकी प्रभारी अरुण त्रिपाठी व आरक्षक क्रांती मिश्रा को प्राथमिक उपचार के बाद रीवा रेफर कर दिया गया, तो वहीं हाथ, पैर में फ्रैक्चर से पीडि़त हेड कांस्टेबल पंकज को बिरला हॉस्पिटल भेजा गया, जहां कुछ देर तक चले इलाज के पश्चात उनको भी एसजीएमएच ले जाया गया। रीवा पहुंचते ही डॉक्टरों ने चेकअप के बाद कांस्टेबल क्रांती कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दोनों पुलिसकर्मियों की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसपी आशुतोष गुप्ता, सीएसपी महेंद्र सिंह, नागौद एसडीओपी विदिता डागर, नागौद टीआई अशोक पांडेय, सिविल लाइन टीआई योगेन्द्र सिंह परिहार और रक्षित निरीक्षक देविका सिंह बघेल ने जिला अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों का हालचाल लेते हुए इलाज की उचित व्यवस्था कराई। उधर रीवा में आईजी महेंद्र सिंह सिकरवार समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने संजय गांधी अस्पताल जाकर आहत पुलिस कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
आरोपी जिला अस्पताल में इलाजरत
उधर आरोपी को भी सिर पर चोट लगी थी, जिसका इलाज पुलिस की निगरानी के बीच जिला चिकित्सालय में चल रहा है। इस बीच पुलिस अधीक्षक के विशेष आग्रह पर एनडीपीएस कोर्ट के विशेष न्यायाधीश ने हॉस्पिटल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए आरोपी को 15 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश जारी कर दिया। ऐसे में छुट्टी मिलते ही उसे केन्द्रीय कारागार पहुंचा दिया जाएगा।
Share This Article