सतना 31 मई. कलेक्टर अनुराग वर्मा के निर्देशन में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को जिलेभर में नशामुक्ति के लिये जनजागृति के कार्यक्रम आयोजित हुये। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में तंबाकू और तंबाकू युक्त उत्पादों के सेवन से होने वाले दुष्परिणों के बारे में बताते हुये इनके सेवन से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा जिला मुख्यालय स्तर पर कलेक्ट्रेट परिसर, रेल्वे स्टेशन एवं जिला चिकित्सालय परिसर में होर्डिंग एवं बैनर पर लिखे हुये नशामुक्ति के संदेशों के माध्यम से तथा प्रमुख कलाकार केके शुक्ला द्वारा नुक्कड़ नाटक के द्वारा आमजनों को नशे के सेवन के विरुद्ध जागरुक किया गया।
बताया गया कि वर्ष 2024 के लिये विश्व स्वास्थ्य संगठन की थीम “बच्चों को तम्बाकू उद्योग के हस्तक्षेप से बचाना“ है। भावी पीढ़ी को तंबाकू उत्पादों के सेवन से बचाने की जिम्मेदारी हम सब पर है। देश के सुनहरे भविष्य के लिये युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिये सतत् जागरुकता की आवश्यकता है। सभी से अनुरोध है कि स्वयं और अपने परिजनों को तंबाकू सेवन की लत से दूर रखें। इसके अलावा शिक्षा, पुलिस, जेल, उच्च शिक्षा, जन अभियान परिषद, स्वास्थ्य एवं महिला-बाल विकास विभाग ने भी विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जनजागृति कार्यक्रम आयोजित करने में अपनी सहभागिता निभाई।
उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष 31 मई को तंबाकू के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों से समाज एवं युवा नागरिकों को अवगत कराने विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर शासन द्वारा लोगों को मादक एवं नशीले पदार्थों के उपयोग से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरुक करने जनजागृति के कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं। सामाजिक न्याय संचालनालय मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार विश्व तंबाकू निषेध दिवस के विविध गतिविधियों पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन सतना और मैहर जिले में जिला स्तर पर तथा समस्त जनपद एवं नगरीय निकाय स्तर पर किया गया।
