काउंटिंग टीम को दिया गया गणना का प्रशिक्षण

Satnafirst Desk
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now

सतना 28 मई. कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा के मार्गदर्शन में सोमवार को संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन के ई-दक्ष केंद्र में ईटीपीबीएस की प्री-काउंटिंग टीम का मतों की गणना का एक दिवसीय प्रशिक्षण हुआ। सहायक नोडल अधिकारी योगेश तिवारी ने बताया कि मतगणना 4 जून को सुबह 8 बजे से ईटीपीबीएस और पोस्टल बैलेट की गिनती के साथ शुरू होगी। इसके बाद सुबह 8ः30 बजे से ईव्हीएम में दर्ज मतों की गणना प्रारंभ होगी।

उन्होने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम काउंटिंग टीम को ईटीपीबीएस के तहत आने वाले ई-पोस्टल मतों की गणना कैसे की जाए, इसको लेकर काउंटिंग सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में बताया गया कि ईटीपीबीएस के तहत प्राप्त ई पोस्टल बैलेट को गणना के पहले क्यू आर कोड स्कैनर से ई पोस्टल बैलेट को स्कैन करके उसकी वैधता की जांच की जायेगी। जाँच के दौरान सही पाये गये ई पोस्टल बैलेट की गणना के लिये निर्धारित मतगणना टेबिल में इनकी गिनती की जायेगी।

ईटीपीबीएस क्यूआर कोड स्कैन करने तथा ई पोस्टल बैलेट की गणना की टेबिलें अलग-अलग होंगी। प्रशिक्षण में फॉर्म 13 ए, 13 बी, 13 सी को कैसे स्कैन करना है तथा उसके पश्चात उसे कैसे खोलना है, की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। स्कैनिंग के उपरांत रिजेक्टेड व वैलिड मतपत्र को अलग-अलग बास्केट में रखना हैं, इससे संबंधित अन्य जानकारी भी दी गई। स्कैनिंग और गणना के दौरान चुनाव आयोग के सभी निर्देशों का पालन करना होगा.

चक्रवार परिणाम प्रदर्शन बोर्ड में अंकित करने कर्मचारी नियुक्त

लोकसभा निर्वाचन की मतगणना 4 जून को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना में प्रातः 8 बजे से शुरु होगी। मतगणना के चक्रवार परिणाम मीडिया कक्ष में स्थापित प्रदर्शन बोर्ड में अंकित किये जायेंगे। इस कार्य के लिये कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने प्रधानाध्यापक बीएल मांझी और सहायक ग्रेड 3 प्रदीप दहायत की ड्यूटी लगाई है। दोनो कर्मचारी मतगणना दिवस पर प्रातः 6 बजे अपनी उपस्थिति इलेक्शन सुपरवाइजर के समक्ष देना सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही मतगणना के चक्रवार परिणाम की जानकारी प्रदर्शन बोर्ड पर अंकित करना सुनिश्चित करेंगे।

मतगणना स्थल पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तैनात

लोकसभा निर्वाचन के लिए मतों की गणना 4 जून को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना में होगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने मतगणना स्थल में कानून व्यवस्था बनाये रखने के दृष्टिगत कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। जारी आदेशानुसार मतगणना स्थल में अभ्यर्थी, निर्वाचन अभिकर्ता, मीडियाकर्मी, मतगणना एजेंटों का प्रवेश विद्यालय के मुख्य द्वार से होगा। यहां पर अनुविभागीय दंडाधिकारी उचेहरा सुधीर बैक को कानून व्यवस्था बनाये रखने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है। इसी प्रकार मतगणना कार्य में संबद्व अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रवेश द्वार विद्यालय के दक्षिणी भाग में मल्टीहॉल के सामने की कानून व्यवस्था के लिये अनुविभागीय दंडाधिकारी रामनगर डॉ आरती सिंह को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के रुप में तैनात किया गया है। नियुक्त कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों को मतगणना दिवस पर प्रातः 6 बजे से उपस्थित रहकर मतगणना समाप्ति तक कानून व्यवस्था बनाये रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मतगणना सामग्री निर्धारित टेबिल तक पहुंचाने डिप्टी कलेक्टर गोविंद सोनी नोडल अधिकारी नियुक्त

लोकसभा निर्वाचन की मतगणना 4 जून को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना के विभिन्न कक्षों में प्रातः 8 बजे से शुरु होगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने मतगणना कक्षों में गणना से संबंधित आवश्यक प्रपत्र एवं सामग्री निर्धारित टेबिल तक पहुंचाने के कार्य के लिये डिप्टी कलेक्टर गोविंद सोनी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। नोडल अधिकारी की सहायता के लिये विधानसभावार दो-दो कर्मचारियों की भी नियुक्ति की गई है।

—

Share This Article