- मुख्य सचिव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से की रामपथ गमन के कार्यों की समीक्षा.
राणा ने कहा कि चित्रकूट के मंदिर परिसरों, कामदगिरि परिक्रमा पथ, मंदाकिनी नदी के विभिन्न घाटों के विकास के कार्य डीपीआर में शामिल कराएं। पर्यटन के विकास के लिए पीपीपी मोड पर होटल तथा अन्य पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक भूमि कलेक्टर सतना चिन्हांकित करें। आवश्यक होने पर वन भूमि के बदले राजस्व भूमि प्राप्त करने तथा निजी जमीनों के अधिग्रहण के प्रस्ताव तैयार करें। मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा ली गई बैठक के निर्णयों पर संबंधित विभाग तत्परता से कार्यवाही करें। चित्रकूट विकास प्राधिकरण के गठन के साथ-साथ नगर परिषद चित्रकूट में आवश्यक अधिकारियों-कर्मचारियों की पदस्थापना करें।
चित्रकूट को राजस्व अनुभाग बनाने की भी कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर सतना चित्रकूट के मार्गों तथा मंदिर परिसरों से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही तत्परता से करें। मुख्य सचिव ने अमरकंटक के विकास के संबंध में कलेक्टर अनूपपुर को निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव धर्मस्व राजेश राजौरा तथा प्रमुख सचिव संस्कृति विभाग शिवशेखर शुक्ला ने चित्रकूट में किए जा रहे विकास कार्यों की बिंदुवार जानकारी दी। वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्ट्रेट कार्यालय के एनआईसी कक्ष से कलेक्टर अनुराग वर्मा, डिप्टी कलेक्टर गोविंद सोनी, एसडीएम मझगवां जितेन्द्र कुमार वर्मा तथा अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए।
