सतना .मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विकसित मध्यप्रदेश विकसित भारत ’’स्पार्क एमपी’’ कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर कुशभाऊ ठाकरे हाल भोपाल में आयोजित समारोह में सिंगल क्लिक के माध्यम से विभिन्न परीक्षाओं से चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पत्र वितरण के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक में देखा गया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर अनुराग वर्मा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर किया। उन्होंने नवनियुक्त पटवारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजस्व विभाग शासन का महत्वपूर्ण विभाग है और इसकी सबसे महत्वपूर्ण इकाई में पटवारी का जॉब अत्यंत जिम्मेदारी से भरा होता है। सभी प्रकार के राजस्व रिकार्ड पटवारी के नियंत्रण में होते हैं। अपने पद के दायित्वों का भली-भांति प्रशिक्षण प्राप्त करें और ईमानदारी पूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
कलेक्टर ने बताया कि अब तक 65 पटवारियों की नई नियुक्तियां जिले में हो चुकी है। सतना जिले के चयनित 21 अभ्यर्थियों में से सोमवार को 7 अभ्यर्थियों द्वारा उपस्थिति देने पर कलेक्टर ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए हैं। नवनियुक्त पटवारियों को 14 मार्च तक अपने पद स्थापना जिले में ज्वाइनिंग देनी है। कलेक्टर अनुराग वर्मा ने पटवारी पद के लिए चयनित सतना जिले के 7 अभ्यर्थियों रंजना बागरी, सुनील गर्ग, रविशंकर द्विवेदी, देवेन्द्र चतुर्वेदी, मृगेन्द्र सिंह परिहार, आदर्श त्रिपाठी और रचना तिवारी को नियुक्ति पत्रों का वितरण किया। इस अवसर पर एसडीएम नीरज खरे, एसके गुप्ता, जीतेन्द्र वर्मा, एपी द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर गोविंद सोनी, सोमेश द्विवेदी सहित जिला विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
