सतना, 29 जून. बरसात के मौसम में गाज (तड़ित) गिरने से हो रही घटनाओं में पशुओं के जान माल की क्षति पर संवेदनशीलता बरतते हुए कलेक्टर मैहर रानी बाटड ने बरसात के समय पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की अपील जिले के नागरिकों से की है। उल्लेखनीय है कि विगत दिनों जिले के अमरपाटन तहसील में गाज गिरने से पेड़ के नीचे खड़ी बकरियों के मरने की घटनाएं हुई हैं।
कलेक्टर ने जिले के नागरिकों से कहा है कि वे मौसम विभाग की गाज गिरने के कारणों एवं उससे बचाव के लिए जारी एडवाइजरी का पालन करें। बरसात के मौसम में बारिश से बचने पेड़ों के नीचे स्वयं भी नहीं खड़े हों और अपने पालतू पशुओं को भी खड़ा नहीं करें। ताकि बारिश के मौसम में होने वाली जन और पशु क्षति को रोका जा सके।
जिले में अब तक 47.8 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
WhatsApp Group Join Now
सतना जिले में इस वर्ष 1 जून से 28 जून तक 47.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख सतना से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक जिले की सतना (रघुराजनगर) तहसील में 137.3 मि.मी., सोहावल (रघुराजनगर) में 53.2 मि.मी., बरौंधा (मझगवां) में 35.5 मि.मी, बिरसिंहपुर में 31 मि.मी., रामपुर बाघेलान में 9 मि.मी., नागौद में 65.3 मि.मी., जसो (नागौद) में 14.8 मि.मी. एवं उचेहरा में 36 मि.मी. औसत वर्षा अब तक दर्ज की जा चुकी है। जिले की औसत सामान्य वर्षा 1039.7 मि.मी. है। विगत वर्ष इस अवधि तक जिले में औसत वर्षा 32.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की जा चुकी थी।
