कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रिटर्निंग ऑफिसर लोकसभा श्री वर्मा ने कहा कि नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए उम्मीदवार सहित केवल पाँच व्यक्ति ही कक्ष में प्रवेश कर सकेंगे। उम्मीदवार द्वारा भरे गए नामांकन पत्र को दाखिल करने से पहले पूरी तरह से जाँच लें। इसके लिए कक्ष के बाहर जिम्मेदार अधिकारी तैनात करें। नामांकन पत्र में किसी तरह की कमी हो तो उसे उम्मीदवार को अवगत कराएं।
नामांकन पत्र दाखिल करने की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। रिटर्निंग ऑफिसर ने कहा कि नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया तथा अन्य निर्वाचन कार्यों में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को परिचय पत्र जारी कराएं जिससे उन्हें परिसर में तथा कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रवेश में किसी तरह की असुविधा न हो।
कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को मतदाता सूची के अवलोकन, जमानत राशि जमा करने, उम्मीदवार द्वारा दिए जाने वाले घोषणा पत्र के प्रारूप के संबंध में निर्देश दिए। निरीक्षण के समय पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, एएसपी शिवेश सिंह तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
