सतना 30 मई. कलेक्टर मैहर रानी बाटड ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई टीएल बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों और सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुये कहा कि सभी विभाग प्रमुख 7 दिवस के भीतर 50 प्रतिशत शिकायतों को कम करें। लंबित शिकायतो का निराकरण संतुष्टिपूर्ण होना चाहिये।
उन्होने कहा कि सभी विभागो द्वारा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर काम करते हुए जिस गति से शिकायते कम की गई थीं, उसी गति को बरकरार रखते हुये लंबित शिकायतो को कम करने का प्रयास करें। बैठक में अपर कलेक्टर शैलेंद्र सिंह, महिला बाल विकास अधिकारी सौरभ सिंह, सीएमएचओ एलके तिवारी सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने मैहर जिले के तीनों ब्लाक मैहर अमरपाटन और रामनगर में स्वास्थ्य विभाग, महिला बाल विकास, नगर पालिका, ऊर्जा, पीएचई और राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुये कहा कि इन विभागों की शिकायतों में वृद्धि देखने को मिल रही है। विभाग प्रमुख प्राथमिकता के साथ शिकायतों का निराकरण करने पर जोर दें। कलेक्टर ने शिकायतों को फोर्सक्लोज कराने के लिए पत्र प्रेषित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा के दौरान पाया गया कि समग्र आईडी से संबंधित काफी शिकायतें लंबित हैं। इन शिकायतों पर आवश्यक कार्यवाही करते हुये निराकरण करने के निर्देश दिये। आयुष्मान अधिकारी को बैठक में अनुपस्थित रहने पर नोटिस जारी की गई।
त्रुटिपूर्ण गिरदावरी करने पर हल्का पटवारी निलंबित
जिले के मझगवां तहसील के ग्राम कारीगोही में फसल गिरदावरी त्रुटि पूर्ण रूप से करने पर कलेक्टर अनुराग वर्मा ने हल्का पटवारी रामभूषण त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसी प्रकार गिरदावरी का गलत सत्यापन करने और त्रुटि पूर्ण जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने पर मझगवां एसडीएम जितेंद्र वर्मा और तहसीलदार मझगवां जितेंद्र तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी की गई है।
उल्लेखनीय है कि समाचार पत्रों में छपी खबर के मुताबिक एसडीएम द्वारा जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया था। कलेक्टर ने इस प्रतिवेदन के आधार पर छपी खबर की पुनः जांच जिला स्तर से एसएलआर एमएल तिवारी और जिला स्तरीय टीम से कराई है। जिसमें गिरदावरी का गलत सत्यापन करने पर एसडीएम और तहसीलदार को भी नोटिस जारी की गई है।
कलेक्टर मैहर ने की गेहूं उपार्जन और परिवहन की समीक्षा
कलेक्टर मैहर रानी बाटड ने मैहर कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में उपार्जन कार्य से जुड़े विभागों की बैठक ली। कलेक्टर ने गेहूं उपार्जन और परिवहन के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। उपार्जित गेहूं के परिवहन में लापरवाही बरतने पर नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुये कहा कि बार-बार निर्देशित करने के बावजूद भी परिवहन के कार्य में गंभीरता नहीं दिख रही है। उन्होने कहा कि बेमौसम बारिश का खतरा बढ़ रहा है। परिवहन कार्य में संलग्न अधिकारी गेहूं के सुरक्षित भंडारण के लिये 3 दिवस के अंदर परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित करें। अन्यथा संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी।
