- 45 आवेदनों पर डिप्टी कलेक्टर ने की सुनवाई,
सतना, 12 जून. लोकसभा निर्वाचन 2024 की आदर्श आचरण संहिता हटने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार जनसुनवाई कार्यक्रम में आमजनों की सुनवाई का सिलसिला शुरु हुआ। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष सतना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में अपर कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े और डिप्टी कलेक्टर गोविंद सोनी ने जिले के विभिन्न एवं दूर-दराज क्षेत्रों से आये लोगों के आवेदन पर सुनवाई की।
जनसुनवाई के दौरान तीन दिव्यांगजनों द्वारा दैनिक जीवन में उपयोगी सहायक उपकरण की मांग के लिये आवेदन दिया गया। जिस पर अपर कलेक्टर वानखेड़े द्वारा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुये मौके पर सहायक उपकरण उपलब्ध कराये गये। इनमें धनेह ग्राम के दृष्टिबाधित दिव्यांग रूपशंकर कुशवाहा को स्मार्ट केन डिवाइस(छड़ी) प्रदान की गई। इसी प्रकार आदर्श नगर निवासी बुट्टीबाई तथा धवारी केशवनगर के शैलेंद्र सिंह को अपर कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े द्वारा मौके पर ही श्रवण यंत्र (सुनने की मशीन) प्रदान किया गया। जनसुनवाई में आये दिव्यांगजनों द्वारा की गई मांग का त्वरित निराकरण हो जाने पर रुपशंकर, बुट्टीबाई और शैलेंद्र सिंह ने जिला प्रशासन का आभार माना। इस मौके पर उप संचालक सामाजिक न्याय सौरभ सिंह, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ अमर सिंह उपस्थित रहे।
मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में डिप्टी कलेक्टर गोविंद सोनी के समक्ष कुल 45 आवेदन प्राप्त हुये। श्री सोनी ने समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई में जमीन का सीमांकन कराने, अनुकंपा नियुक्ति, गरीबी रेखा में नाम जोड़ने, खाद्यान पात्रता पर्ची, दाखिल-खारिज कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना, अवैध कब्जा हटाने, राशन कार्ड बनाने, विद्युत समस्या, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन, जमीन का कब्जा दिलाने, चिकित्सा सहायता, रोजगार दिलाने, भरण-पोषण, संबल योजना के लाभ और दिव्यांग आवेदक सहायक उपकरण की मांग संबंधी आवेदन लेकर जनसुनवाई में पहुंचे।
