– सीएमराइज समेत अन्य शासकीय विद्यालयों को देंगे सभी आवश्यक सुविधाएं
– मुख्यमंत्री यादव ने स्कूल चले हम अभियान का किया शुभारंभ.
भोपाल, 18 जून. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नई शिक्षा नीति के तहत प्रदेश के सरकारी स्कूलों को सारी सुविधाएं मिलेंगी. इसके अलावा पीएमश्री और सीएम राइज स्कूलों में भी उत्कृष्ट शिक्षा मिलेंगी. इन स्कूलों में विश्वस्तरीय बिल्डिंग, स्मार्ट क्लास, डिजिटल टीचिंग, नि:शुल्क वाहन सुविधा, एक्सपोजर विजिट के साथ-साथ अन्य आधुनिक संसाधनों की सुविधा मिलेगी. उक्त स्कूलों में शिक्षकों की भी कमी नहीं होने देंगे. यह जानकारी सुभाष एक्सीलेंस स्कूल में स्कूल चले अभियान के शुभारंभ अवसर पर सीएम डॉ मोहन यादव ने दी. इससे पहले सीएम यादव, शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, अजजा मंत्री विजय शाह आदि ने पहली बार स्कूल आए तीन बच्चों को तिलक लगा आरती कर किताबें देकर अभियान की शुरूआत की.
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश के 416 विद्यालयों में पीएमश्री योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है. इससे शिक्षा का स्तर गुणवत्तापूर्ण होने के साथ ही उत्कृष्ट होगा. इसके अलावा राज्य सरकार के संचालित प्रदेश के 369 सीएम राइज स्कूलों समेत अन्य स्कूलों को भी सुविधाएं दी जाएंगी. प्रदेश के विद्यार्थी महापुरूषों से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में उच्च लक्ष्य प्राप्त करने के पथ पर अग्रसर होंगे. इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों के बनाए चित्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया. उन्होंने सुपर-100 योजना के अंतर्गत वर्ष 2024 में जेईई एडवांस में आईआईटी में प्रवेश लेने वाले शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों नरसिंहपुर के ग्राम सालीचौका के पवनराय, रींवा के ग्राम रक्सहाकलॉ के शीतल सिंह, सतना के ग्राम अतरार के साहिल पाल और भोपाल के रविराज विश्वकर्मा का सम्मान किया.
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा उदय प्रताप सिंह, जनजातीय कार्यमंत्री कुंवर विजय शाह, खेल मंत्री विश्वास सारंग, पिछड़ा वर्ग राज्य मंत्री कृष्णा गौर, महापौर मालती राय, पूर्व प्रोटेम विधानसभा स्पीकर रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी आदि उपस्थित रहे.
उपस्थिति में बच्चे यस सर की जगह कहेंगे जयहिंद सर
जनजातीय कार्यमंत्री कुंवर विजय शाह ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि सभी सरकारी, निजी स्कूलों और मदरसों में अब कक्षा में अटेंडेंस के दौरान बच्चे यस सर, यस मैडम की जगह जयहिंद सर, मैडम कहेंगे. वही सभी स्कूलों, मदरसों में राष्ट्र गान अनिवार्य रहेगा. वही सरकार इन स्कूलों में ध्वजारोहण भी नियमित कराने की योजना पर काम कर रही है. उन्होंने कहा कि शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगियों परीक्षाओं की तैयार के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराने आरंभ की गई सुपर-100 योजना का विस्तार भी सभी संभागों में किया जाएगा. सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि सरकार अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था कर रही है. किसी भी परिस्थिति में हम स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता में कमी नहीं होने देंगे.
———
