सतना 28 मार्च. लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिये नियुक्त व्यय प्रेक्षक स्पेंसर एम मिल्लियम ने गुरुवार को सतना पहुंचने के पहले ही दिन सर्विलांस टीमों और लेखा टीम के अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर अब तक की गई कार्यवाहियों की जानकारी ली। व्यय निगरानी टीम जिसमें एसएसटी, वीएसटी और वीवीटी टीम के दायित्वों के साथ व्यय संधारण के संबंध में विस्तृत चर्चा कर सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिये।
उन्होने कहा कि निर्वाचन आयोग के मंशानुरूप लोकसभा निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने के लिये अपने दायित्वों को समझें और प्राथमिकता से चुनावी दायित्वों का निर्वाहन करें। प्रेक्षक श्री मिल्लियम ने बैठक उपरांत कंट्रोल रुम, व्यय लेखा कक्ष, सी-विजिल, 1950, कंट्रोल रुम, शिकायत कक्ष और एमसीएमसी प्रकोष्ठ का भ्रमण कर प्रकोष्ठ की कार्यप्रणाली के बारे में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम में सी विजिल के माध्यम से आने वाली शिकायतों के निराकरण के साथ-साथ ऑफलाइन और एनजीएसपी में की गई शिकायतों की प्रकृति एवं उसके निराकरण की जानकारी ली।
उन्होंने एमसीएमसी टीम द्वारा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया में विज्ञापन, पेड न्यूज, फेक न्यूज, एमसीसी के वॉयलेशन की जानकारी लेकर पेड न्यूज व विज्ञापनों में होने वाले व्यय के संबंध में जानकारी लेकर इस दिशा में प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े, डिप्टी कलेक्टर गोविंद सोनी, जनसंपर्क अधिकारी राजेश सिंह एवं संबंधित टीम के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
