- व्यय लेखा टीमों के समन्वय के साथ टीम वर्क में करें कार्य व्यय प्रेक्षक ने ली बैठक.
सतना 28 मार्च. कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील होने के दौरान मतदाताओं को प्रलोभन और अवैध रूप से संदाय की जाने वाली वस्तुओं के संग्रह और परिवहन पर कड़ी नजर बनाए रखने के निर्देश इनफोर्समेंट एजेंसी विभागों को दिए हैं। भारत निर्वाचन आयोग के नियुक्त व्यय प्रेक्षक स्पेंसर एम मिल्लियम ने कहा कि इनफोर्समेंट एजेंसी और व्यय लेखा टीम, वीएसटी, एसएसटी, एमसीएमसी का निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने महत्वपूर्ण योगदान होता है। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी व्यय आंकलन की टीम और इनफोर्समेंट एजेंसी समन्वय के साथ टीमवर्क में कार्य करें। व्यय प्रेक्षक की उपस्थिति में संपन्न बैठक में व्यय अनुवीक्षण सेल तथा इनफोर्समेंट एजेंसियों द्वारा अब तक की गई कार्यवाहियों की समीक्षा की गई।
इस मौके पर कलेक्टर मैहर रानी बाटड, पुलिस अधीक्षक सतना आशुतोष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक मैहर सुधीर अग्रवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े, सीईओ जिला पंचायत संजना जैन, सभी एआरओ, इनफोर्समेंट एजेंसी विभागों के प्रमुख, सहायक व्यय प्रेक्षक तथा व्यय टीमें उपस्थित थी।
वर्मा ने कहा कि निर्वाचन की अधिसूचना जारी होते ही नामांकन पत्र लिए जाने का कार्य प्रारंभ हो गया है। सभी व्यय लेखा की टीम, एमसीएमसी, वीएसटी, वीवीटी, एसएसटी, सहायक व्यय प्रेक्षक अभ्यर्थीवार निर्वाचन में किए जाने वाले व्यय को सतर्कता और गंभीरता पूर्वक आंकलित करें और व्यय प्रेक्षक तथा इलेक्शन कमीशन को रिपोर्ट करें। व्यय प्रेक्षक स्पेंसर एम मिल्लियम ने कहा कि व्यय प्रेक्षक का यह प्रारंभिक दौरा लोकसभा चुनाव की आवश्यक तैयारियों को जांचने के लिए है। जिले में की जा रही तैयारी और सीजर की कार्यवाहियां काफी बेहतर है। उन्होंने क्षेत्र में सेंसिटिव पॉकेट की जानकारी लेते हुए सभी सहायक व्यय प्रेक्षक को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से जानकारियों का आदान-प्रदान करते रहने की सलाह दी।
लोकसभा क्षेत्र में बनाए 192 सेक्टर
उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेडे़ ने बताया कि लोकसभा क्षेत्र सतना में 2 जिले और 7 विधानसभा क्षेत्र समाहित हैं। सभी विधानसभावार 7 एआरओ नियुक्त किये गए हैं। पूरे लोकसभा क्षेत्र में 192 सेक्टर बनाए गए हैं। जिनमें 21 एफएसटी, 23 एसएसटी, 7-7 वीएसटी और वीवीटी, अकाउंट टीम और 7 सहायक व्यय प्रेक्षक नियुक्त किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि सतना जिले की उत्तर प्रदेश से लगने वाली सीमा पर 11 अंतर्राज्यीय नाके बनाए गए हैं। इन नाकों पर शराब, गांजा, अस्त्र की जब्ती के 17 प्रकरण कायम किए गए हैं। जिले में कुल 7821 शस्त्र लाइसेंसधारियों में से अब तक 7546 शस्त्र थाने में जमा कराए गए हैं। आदर्श आचरण संहिता की उल्लंघन के मामले में 2 और संपत्ति विरूपण में 55 एफआईआर दर्ज कराई गई हैं।
