निष्पक्ष चुनाव में इन्फोर्समेंट एजेंसियों की महत्वपूर्ण भूमिका-कलेक्टर

Satnafirst Desk
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now

सतना :मध्य प्रदेश के सतना जिले के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने कहा कि भय रहित वातावरण में निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने में इन्फोर्समेंट एजेंसियों की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उच्च स्तर की चुनाव संबंधी बैठक में इन्फोर्समेंट एजेंसियों की कार्यवाहियों की प्रमुखता से समीक्षा भी होती है।

उन्होंने कहा कि आसन्न लोकसभा चुनाव 2024 की घोषणा होते ही आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील होगी। इन्फोर्समेंट एजेंसियां अपनी पूर्व तैयारियों के साथ फील्ड में अपनी सक्रियता तेज करें। इन्फोर्समेंट एजेसियों की प्रशिक्षण बैठक में पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, एसडीएम नीरज खरे, एसके गुप्ता, एपी द्विवेदी, जीतेन्द्र वर्मा, वर्मा मैहर से विकास सिंह, मास्टर ट्रेनर बीके गुप्ता, जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम, कोषालय अधिकारी तोकानंद, उप वन मंडलाधिकारी लाल सुधाकर सिंह, उमेश त्रिपाठी आयकर, जीएसटी के अधिकारी भी उपस्थित थे।

जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने कहा कि सभी 6 इन्फोर्समेंट एजेंसी पुलिस, आबकारी, वन विभाग, स्टेट एंड सेन्ट्रल जीएसटी, रेलवे, आयकर विभाग ने विधानसभा चुनाव के दौरान उल्लेखनीय कार्यवाहियां की थी। लोकसभा चुनाव में भी उसी सक्रियता के साथ अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगाह रखे और किसी भी स्तर से सूचना मिलने पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित कराये। उन्होंने कहा कि फ्लाइंग स्काड गतिविधियों पर निगाह रखते हुए सूचना पर स्थल पर जाकर जप्ती पंचनामा और एफआईआर की कार्यवाही तत्काल करें। आदर्श आचरण संहिता के दौरान निर्वाचन आयोग का सी-विजिल ऐप भी सक्रिय रहेगा। जिस पर शिकायतें, सूचनायें प्राप्त होगी। इसके अलावा आपस में सूचनाओं के आदान-प्रदान और समन्वय के लिए व्हाट्सएप ग्रुप भी अपडेट कर लें। पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने कहा कि इन्फोर्समेंट एजेंसी का नोडल विभाग पुलिस रहेगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नोडल अधिकारी को सभी विभाग एजेंसी दिनभर की कार्यवाही का उसी दिन रिपोर्टिंग करेंगे। उन्होंने कहा की कार्यवाही करने के साथ ही रिपोर्टिंग भी जरूरी है। प्रतिदिन की गतिविधि डीएसआर में जाएगी। बैठक में इन्फोर्समेंट एजेंसियों की कार्यवाही की एसओपी और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का प्रशिक्षण भी दिया गया।

Share This Article