सतना, 9 जून. प्रदेश सरकार द्वारा 5 से 16 जून तक ’’जल गंगा सर्वधन’’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में जिले के तालाबों, चेक-डेम, स्टाप-डेम, कुआ-बावड़ी व सार्वजनिक उपयोगी कूपों के गहरीकरण और मरम्मत के लिए आवश्यक गतिविधियां जनसहयोग के माध्यम से की जा रही हैं। अभियान के तहत नगर पालिका मैहर में जल संरचानाओं के साफ-सफाई एवं संरक्षण के लिये तिथिवार कार्य योजना तैयार की गई है।
इसके अनुसार 9 जून को ओइला तालाब, बड़ी माई वार्ड क्रमांक 21 की बावड़ी की सफाई जनसहयोग से की जायेगी। इसी प्रकार 10 जून को बिनैका तालाब सरपहिया तालाब, 11 जून को पटेहरा तालाब, कछिया तालाब, हरदुआ नीलकंठ तालाब, 12 जून को कछियान तालाब, सुखउवा तालाब, 13 जून को उमरी पैला तालाब, गोपाल बाग तालाब, कटिया तालाब, 14 जून को पोखरी तलैया गिरगिटा, परसोखा तलैया तथा 15 और 16 जून को लिलजी नदी बंधा के पास से जीतनगर पुलिया तक अभियान के तहत साफ-सफाई की गतिविधियां आयोजित की जायेंगी।
नगर परिषद रामनगर की कार्ययोजना
नगरीय निकायों में आयोजित रहे जल गंगा अभियान के तहत नगर परिषद रामनगर में 9 से 12 जून तक बिजौरा तालाब का गहरीकरण किया जायेगा। इसी प्रकार 13 और 14 जून को स्टेट बैंक के सामने नाले की सफाई तथा 15 और 16 जून को थाने के सामने के नाले की सफाई का कार्य किया जायेगा.
नगर निगम सतना क्षेत्र में तिथिवार आयोजित होंगी जल गंगा अभियान
नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय द्वारा जल स्त्रोतों की साफ-सफाई, वृक्षारोपण, तालाब गहरीकरण कार्यों के साथ-साथ इसे जन अभियान बनाने के लिये निबंध, लेख, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के आयोजन के भी निर्देश नगरीय निकाय के अधिकारियों को दिये। संचालनालय के निर्देशानुसार अभियान के तहत नगर निगम सतना क्षेत्र की जल संरचानाओं के जीर्णोद्धार के लिये 16 जून तक अलग-अलग जगहों पर गतिविधियां आयोजित की जायेंगी। निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार 9 जून को सामाजिक/धार्मिक महत्व की जल संरचना के पास कलश यात्रा निकाली जायेगी।
इसी दिन शाम 4 बजे से 6 बजे तक जल संरक्षण पर निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। इसी प्रकार 10 जून से 16 जून तक नगर निगम क्षेत्र में कुआं और बावड़ियों का सफाई की जायेगी। 16 जून को नगर निगम सभागार में पुरुस्कार वितरण किया जायेगा। संपूर्ण कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिये उपायुक्त नगर निगम भूपेंद्र देव परमार को नोडल अधिकारी बनाया गया है। अभियान की गतिविधयां संचालित करने में जन अभियान परिषद, सामाजिक संस्थायें सहयोग प्रदान करेंगी।
