सतना, मध्य प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि देश को विकसित और आत्म-निर्भर बनाने में सभी की सहभागिता जरूरी है। वे सतना में आयोजित रोजगार दिवस को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कार्यक्रम में 17 हजार 580 हितग्राहियों को स्व-रोजगार के लिये 66 करोड़ की ऋण राशि के चैक वितरित किये। राज्य मंत्री बागरी ने मुरैना में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जिला स्तरीय कार्यक्रम में देखा।
राज्य मंत्री बागरी ने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिये महिलाओं को विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिये प्रोत्साहित करें। महिलाएँ घर पर रहकर ही स्व-सहायता समूह में सक्रिय भागीदारी से आर्थिक सशक्तिकरण की मिसाल बन सकती हैं। समूह की महिलाएँ ऋण लेकर उद्योग एवं व्यवसाय स्थापित कर अन्य लोगों को भी रोजगार दे सकती हैं।
राज्य मंत्री बागरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश को विकसित एवं आत्म-निर्भर बनाने के सपने को साकार करने में सभी सक्रियता पूर्वक अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सभी वर्गां के लिए विभिन्न योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। योजनाओं का लाभ लेकर हितग्राही आत्म-निर्भर बनें तथा दूसरों को भी रोजगार दें। राज्य मंत्री बागरी ने रोजगार दिवस में शामिल हितग्राहियों से अपेक्षा की कि वे ऋण राशि का सही उपयोग करेंगे और नियमित रूप से किश्तों की अदायगी करेंगे, जिससे उनकी बैंकों में साख बनी रहे।
