लोकसभा चुनाव की ख़बरें – प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने पर 6 कर्मचारियों को नोटिस

Satnafirst Desk
4 Min Read
सतना, 31 मार्च. लोकसभा निर्वाचन के संबंध में 27 मार्च को मतदान दल के अधिकारियों-कर्मचारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। जिसमें 6 कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना के प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे।
इन सभी 6 कर्मचारियों को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने कारण बताओ नोटिस जारी करते हुये 24 घंटे के अंदर समाधानकारक जवाब देने को कहा है। इनमें सहायक ग्रेड 3 परमात्मा प्रसाद, रघुवर प्रसाद, सोनू कुमार, सहायक अध्यापक रविलाल साकेत, ब्रांच मैनेजर सूरज कुमार और सहायक अध्यापक सुभान सिंह को नोटिस जारी की गई है।
जारी नोटिस में कहा गया है कि आपकी अनुपस्थिति से अतिसंवेदशील निर्वाचन कार्य प्रभावित हुआ है। क्यों न आपके इस कृत्य को उदासीनता और लापरवाही की श्रेणी में रखते हुये मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियम 1966 के तहत 2 वार्षिक वेतन वृद्धि रोकते हुये लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के तहत अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जाये।

सहायक व्यय प्रेक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी

WhatsApp Group Join Now

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने व्यय प्रेक्षक की उपस्थिति में आयोजित व्यय निगरानी दलों की बैठक से अनुपस्थित रहने पर सहायक व्यय प्रेक्षक जलज जैन (लेखाधिकारी नर्मदा घाटी विकास) को कारण बताओ नोटिस जारी की है। नोटिस का समाधानकारक जवाब 24 घंटे की समय-सीमा में प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये हैं।

जारी नोटिस में कहा गया है कि व्यय प्रेक्षक के प्रथम आगमन पर आयोजित बैठक में बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहना निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य के प्रति लापरवाही और उदासीनता को प्रदर्शित करता है। क्यों न आपकी इस अनुशासनहीनता के विरुद्ध मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) 1966 के तहत अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जाये।

अवकाश दिवस पर जमा नहीं होंगे नामांकन

लोकसभा निर्वाचन में दूसरे चरण के नाम निर्देशन भरने की प्रक्रिया 28 मार्च से प्रारंभ हो चुकी है। 31 मार्च को रविवार और एक अप्रैल को बैंकों में अवकाश की वजह से नाम निर्देशन पत्र जमा नहीं होंगे। दूसरे चरण के लिए नाम निर्देशन पत्र करने की अंतिम तारीख 4 अप्रैल है।

संसदीय क्षेत्र सतना से चुनाव लड़ने के इच्छुक व्यक्ति 2 अप्रैल, 3 अप्रैल और 4 अप्रैल को अपना नामांकन पत्र संयुक्त कलेक्ट्रेट सतना के कक्ष क्रमांक एफ-2 न्यायालय जिला मजिस्ट्रेट सतना में जमा कर सकते हैं। लोकसभा निर्वाचन के रिटर्निंग ऑफिसर और जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा नाम-निर्देशन पत्र प्राप्त करेंगे। अभ्यर्थी सुसंगत दस्तावेजों के साथ प्रातः 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक नामांकन प्रस्तुत कर सकते हैं।

अभ्यर्थी से किसी प्रकार का संबंध नहीं है, निर्वाचन कर्मी प्रस्तुत करें घोषणा पत्र

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने निर्वाचन कार्य में संलग्न समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिये हैं कि निर्वाचन में खड़े होने वाले व्यक्तियों से उनका प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रुप से कोई संबंध नहीं हैं।

इस संबंध में 5 अप्रैल तक घोषणा पत्र प्रस्तुत करना होगा। जिसमें पुलिस के संबंध में थाना प्रभारी स्तर के अधिकारी एवं राजस्व से संबंधित नायब तहसीलदार स्तर के अधिकारियों से घोषणा पत्र भरवाकर जिला निर्वाचन कार्यालय सतना को उपलब्ध कराना होगा।

 

Share This Article