- वरिष्ठ नेतृत्व ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी, जनता का आभार जताया, मनाया विजय उत्सव
भोपाल, 5 जून. लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मध्यप्रदेश सहित देश भर में मिली विजय पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में विजय उत्सव मनाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद सहित वरिष्ठ नेतृत्व ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और जनता का आभार जताया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जनता ने बड़ी उदारता से भाजपा को इस चुनाव में अपना आशीर्वाद दिया है। इंदौर में हमारे प्रत्याशी श्री शंकर लालवानी 11 लाख, 11 हजार से अधिक, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने 8 लाख 21 हजार, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा 5 लाख 41 हजार से अधिक वोटों से जीते हैं। उन्होंने कहा कि 29 सीटों में से 25 सीटों पर हमारे प्रत्याशी 1 लाख से अधिक वोटों से जीते हैं। शेष 4 में से भी 3 सीटों पर हमारे उम्मीदवार 50 हजार से अधिक वोटों से जीते हैं।
2019 से प्रचंड है इस बार की जीत
डॉ. यादव ने कहा कि इस बार की जीत 2019 की तुलना में कई मायनों में अलग है। आजादी के बाद संभवतः पहली बार हमने मुख्य चुनाव में छिंदवाड़ा में जीत दर्ज की है। दिग्विजय सिंह जैसे कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के नेता जो दो बार प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं, इस चुनाव में धराशायी हो गए हैं। पिछले चुनाव में जनता ने भोपाल से उनका हिसाब किया था और इस बार उन्हें उनके घर ले जाकर छोड़ दिया। झाबुआ-रतलाम में हम पिछली बार एक लाख वोटों से जीते थे, इस बार जनता दो लाख से अधिक वोटों से कांतिलाल भूरिया को हराया। इसी तरह मंडला में भी कुलस्ते जी ने बड़ी जीत हासिल की है। इंदौर, खजुराहो, विदिशा, मंदसौर, देवास, उज्जैन, बैतूल, दमोह, टीकमगढ़, सागर, भिंड, गुना जैसी सीटों पर हमने पिछली बार से बड़ी जीत हासिल की है।
एमपी के मन में मोदी के नारे को चरितार्थ – शर्मा, छिंदवाड़ा जीतकर इतिहास रच दिया – शिवराज सिंह चौहान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए यह गौरव की बात है कि भाजपा ने प्रदेश की सभी 29 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया है। प्रदेश के मतदाताओं ने एक बार पुनः एमपी के मन में मोदी के नारे को चरितार्थ किया है। मोदी जी का तीसरी बार लगातार प्रधानमंत्री चुना जाना एक अभूतपूर्व क्षण है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 28 सीटें 2019 में भी भाजपा जीती थी, छिंदवाड़ा की कसम थी, आज छिंदवाड़ा जीतकर भाजपा ने प्रदेश में इतिहास रच दिया है।
