बैठक में किसान सम्मान निधि के ई केवाईसी तथा आधार सीडिंग के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। शहरी क्षेत्र में वार्डवार शिविर लगाकर ई केवाईसी के लंबित प्रकरण निराकरण किए जाएंगे। त्योंथर तहसील के ग्राम बसहट, पंछा में ग्राम सभा आयोजित कर बी-1 का वाचन किया गया।तहसील हुजूर में ग्राम कोठी में किसानों के समक्ष बी-1 का वाचन किया गया। नायब तहसीलदार गुढ़ तेजपति सिंह ने ग्राम पांती में आयोजित राजस्व शिविर का निरीक्षण किया। शिविर में बी-1 के वाचन के बाद फौती नामांतरण के प्रकरण दर्ज किए गए। साथ ही किसान सम्मान निधि के प्रकरणों में लंबित ई केवाईसी दर्ज कराई गई। त्योंथर तहसील में ही ग्राम पंचायत गढ़ी, चौरा नानकार तथा बारीकला में भी ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया।
तहसील सेमरिया में आयोजित बैठक में तहसीलदार ने राजस्व महाअभियान की समीक्षा की तथा पटवारियों को किसान सम्मान निधि की ई केवाईसी के संबंध में निर्देश दिए। तहसील मनगवां के ग्राम सूरा में आयोजित ग्राम सभा में बी-1 का वाचन करके ई केवाईसी के प्रकरण निराकृत किए गए। राजस्व महाअभियान के दौरान एसडीएम गुढ़ डॉ अनुराग तिवारी ने ग्राम खजुहा और महसांव में आयोजित राजस्व शिविरों का निरीक्षण किया।
जिले भर में 18 जुलाई से 31 अगस्त तक चलाए जा रहे राजस्व महाअभियान में लंबित राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया जा रहा है। अब तक विभिन्न राजस्व न्यायालयों में 5574 प्रकरण निराकृत किए गए हैं। इस संबंध में कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि अपर कलेक्टर तथा एसडीएम न्यायालयों में 816 प्रकरण निराकृत किए गए।
