सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने संबंधित मतदान केंद्र में ही करेंगे रात्रि विश्राम

Satnafirst Desk
6 Min Read
  • सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक संपन्न.
सतना, 25 अप्रैल. लोकसभा निर्वाचन में सतना लोकसभा क्षेत्र में शामिल सतना और मैहर जिले की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के लिये नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारियों की संयुक्त प्रशिक्षण बैठक बुधवार को टाउन हाल सतना में जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा की अध्यक्षता में हुई। इस अवसर पर सामान्य प्रेक्षक डॉ एस सुरेश कुमार, पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, आयुक्त नगर निगम शेर सिंह मीना, उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े, मास्टर ट्रेनर डॉ बीके गुप्ता, सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिये नियुक्त सहायक रिटर्निंग ऑफीसर्स भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने कहा कि निर्वाचन में सबसे बड़ा रिर्सोस सेक्टर मजिस्ट्रेट होते हैं और शांतिपूर्ण, निष्पक्ष निर्वाचन में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस ऑफीसर्स संयुक्त रुप से आज ही संबंधित मतदान केंद्रों का एक बार भ्रमण कर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष मतदान कराने की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर लें। उन्होने कहा कि सभी सेक्टर ऑफीसर्स की ड्यूटी सामग्री वितरण के साथ ही शुरु होगी और यह अवनरत सामग्री वापस जमा होने तक लगातार जारी रहेगी। उन्होने कहा कि गर्मियों का मौसम है, ऐसे समय में अपने और अपने मतदान दलों के कर्मचारियों के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें।
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों के वाहन में जीपीएस लगा हुआ है। जिसके माध्यम से वाहन में रखी हुई रिजर्व मशीनों की निरंतर निगरानी की जायेगी। उन्होने कहा कि मतदान सामग्री लेकर मतदान दलों के रवाना होने के उपरांत सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने वाहनों से सीधे गंतव्य के मतदान केंद्र के लिये रवाना होंगे और वे किसी भी स्थिति में अपने घर अथवा प्राइवेट स्थानों पर वाहन लेकर नहीं जायेंगे। उन्होने बताया कि मतदान दलों को ईवीएम मशीन प्रदान करने के साथ ही सावधानियां बरतने का स्टीकर भी दिया जायेगा। जिससे मतदान केंद्र में मॉकपोल और सीलिंग के समय प्रमुख सावधानी के बिंदु का ध्यान रखा जा सके।  उन्होने कहा कि पोल्ड ईवीएम स्ट्रांग रुम में जमा होंगी। इसी प्रकार मतदान के दौरान बदली गई ईवीएम भी पीठासीन अधिकारी द्वारा लाकर ए और बी स्ट्रांग रुम में रखी जायेंगी। सेक्टर अधिकारी के पास उपलब्ध रिजर्व की मशीनों में जो उपयोग नहीं की गई हैं, उन्हे डी स्ट्रांग रुम में और जो मशीनें मॉकपोल के दौरान बदली गई हैं उन्हें सेक्टर अधिकारी द्वारा ईवीएम वेयर हाउस के सी स्ट्रांग रुम में रखा जायेगा।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस सेक्टर अधिकारियों को मोबिलाईजेशन प्लान और उनसे अपेक्षाओं की जानकारी लेते हुये कहा कि कल सभी सेक्टर पुलिस ऑफीसर्स सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ सामग्री वितरण स्थल पर सुबह पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम भी सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ करेंगे। उन्होने कहा कि सेक्टर की अंतिम पोलिंग पार्टी के रवानगी के साथ ही पुलिस सेक्टर पार्टी भी वापस होगी। प्रत्येक ईवीएम के साथ सुरक्षा बल का होना अत्यंत जरुरी होगा। सेक्टर पुलिस ऑफीसर मतदान के पश्चात अंतिम पोलिंग पार्टी को साथ ही लाकर ही सेक्टर को छोड़ सकेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने सामग्री वितरण के संबंध में बताया कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारी 25 अप्रैल की प्रातः 6 बजे तक शासकीय व्यंकट क्रमांक-1 सतना में अपनी उपस्थिति देंगे। इनमें 4 विधानसभा क्षेत्र सतना, रैगांव, चित्रकूट, नागौद के मतदान दल और अधिकारी विद्यालय के सामने के मुख्य द्वार से प्रवेश करेंगे। इसके अलावा विद्यालय के पीछे के गेट से 3 विधानसभा मैहर, अमरपाटन, रामपुर बघेलान के मतदान दल और अधिकारी प्रवेश करेंगे। मतदान दलों को सामग्री का वितरण इसी क्रम में विधानसभावार किया जायेगा।
उन्होने मतदान दिवस के लिये भारत निर्वाचन आयोग का मत प्रतिशत ऐप सभी सेक्टर अधिकारियों को डाउनलोड करने की सलाह दी। सभी पीठासीन अधिकारी इस मत प्रतिशत एप पर प्रति दो घंटे में मतदान की जानकारी फीड करेंगे। प्रेक्षक डॉ एस सुरेश कुमार ने कहा कि सेक्टर ऑफीसर्स पूरे निर्वाचन में सही और उत्तम अधिकारी होते हैं। जो शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। रिटर्निंग ऑफीसर और पीठासीन अधिकारी के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रुप में अपनी भूमिका निभायें।
उन्होने सफलतापूर्वक मतदान संपन्न कराने की शुभकामनायें देते हुये कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में चुनाव के इस राष्ट्रीय त्यौहार में अपना कर्तव्य और भूमिका अच्छी तरह निभायें। सभी सेक्टर अधिकारी अपने सेक्टर के किसी एक मतदान केंद्र पर रात्रि विश्राम करें और प्रातः मॉकपोल शुरु होने के पहले ही अपना भ्रमण प्रारंभ कर देंवें। मतदान दलों से मतदान की प्रक्रिया का पालन करायें और निर्वाचन आयोग को भेजी जाने वाली जानकारियां समय पर प्रेषित करायें।
WhatsApp Group Join Now

मास्टर ट्रेनर डॉ बीके गुप्ता ने मतदान केंद्रों की व्यवस्था एवं सेक्टर और पुलिस अधिकारियों के दायित्वों के बारे में जानकारी दी। कम्युनिकेशन प्लान की जानकारी देते हुये परियोजना अधिकारी डॉ गौरव शर्मा ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों से मतदान दलों की रवानगी से लेकर मतदान दिवस पर प्रत्येक दो घंटे के अंतराल में मतदान प्रतिशत की जानकारी कम्युनिकेशन टीम को देने की अपेक्षा की।

Share This Article