- नुक्कड़ नाटक से दिया गया मतदाता जागरुकता का संदेश.
सतना 27 मार्च. सतना और मैहर जिले में लोकसभा निर्वाचन में मतदान का प्रतिशत बढाने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा के निर्देशन में मतदाता जागरुकता की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। स्वीप गतिविधि के अन्तर्गत बुधवार को विधानसभा अमरपाटन के ब्लाक जनपद की ग्राम पंचायत पदमी के ग्राम अमिलया में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्व-समूह की महिलाओं ने मतदाताओं को जागरुक करने नुक्कड़ नाटक आयोजित किया। जिसमें बताया गया कि किस प्रकार से ग्रामीण महिलायें लोकतंत्र की शक्तियों के प्रति जागरुक नहीं होने से अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं करती हैं और मतदान करने को समय की बर्बादी मानते हुये विभिन्न प्रकार की भ्रांतियां अपने मन में बनाये रखती हैं।
इस पर नुक्कड़ नाटक की महिला कलाकारों द्वारा ऐसी मतदाताओं के घर जाकर लोकतंत्र में मतदान के प्रति जागरुक करने की अपील की जाती है। लोकतंत्र की शक्तियों के बारे में जानकर महिला मतदाता भी मतदान करने के लिये अपनी सहमति दे देती है और कहती है कि चलो दीदी, वोट डालने चलें। स्वीप कार्यक्रम अंतर्गत नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन कर बताया गया कि किस प्रकार से हम सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर अपने क्षेत्र के विकास के लिये एक योग्य प्रतिनिधि का चयन कर सकते हैं। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि लोकसभा चुनाव 2024 में अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
इसी प्रकार स्वीप गतिविधि के तहत बुधवार को ब्लॉक उचेहरा, नागौद, रामनगर के ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्व-समूह की महिलाओं ने हाथों में मेंहदी रचाकर, संगोष्ठी आयोजित कर और मतदाता जागरुकता पर आधारित गीतों का गायन करते हुये मतदान करने के लिये प्रेरित किया गया। स्वीप गतिविधियों के क्रम में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सतना के प्राचार्य डॉ शिवेश सिंह ने जनपद पंचायत सोहावल में कैंपर्स एबेंसडर्स के प्रशिक्षण शिविर में मतदान करने की शपथ दिलाई।
