सतना 28 मार्च. लोकसभा निर्वाचन में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी मतदान दलों के अधिकारी-कर्मचारी निष्पक्षता एवं सजगता के साथ अपने निर्वाचन दायित्वों का निर्वहन करें। मतदान संबंधी निर्देशों का पीठासीन अधिकारी एंव मतदान अधिकारी बारीकी से अध्ययन कर लें, ताकि उन्हें सुचारू रूप से मतदान सम्पन्न कराने में कोई परेशानी ना हो।
यह निर्देश मतदान दलों कों प्रथम चरण के प्रशिक्षण के दौरान दिये गये। प्रशिक्षण शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय व्यंकट क्रमांक-2 और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धवारी सतना में जिला मुख्यालय पर दिया गया। इसके अलावा अन्य विधानसभा क्षेत्र मैहर, मझगवां (चित्रकूट), अमरपाटन, रामपुर बघेलान और नागौद के मुख्यालय पर मतदान दलों के अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण संपन्न हुआ। मास्टर ट्रेनर्स द्वारा मतदान दलों को प्रशिक्षण में बताया गया कि लोकसभा निर्वाचन-2024 में लगे पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन एवं वीवीपैट के बारे में पूरी जानकारी होना आवश्यक है।
वे ईव्हीएम व वीवीपैट के बारे में अच्छी तरह से पूर्वाभ्यास कर लें, ताकि उन्हें स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण सुव्यवस्थित मतदान कराने में कोई कठिनाई ना हो। मतदान दलकर्मी निर्देश पुस्तिका का अच्छी तरह से अध्ययन कर लें। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रयोगात्मक तरीके से मतदान दलों को मतदान सामग्री प्राप्त करने, मतदान केंद्र की व्यवस्थायें और मतदान की प्रक्रिया, निर्वाचन विधि लागू करने, मतदाता की पहचान का सत्यापन, अमिट स्याही लगाने, मतदान की गोपनीयता बनाए रखने, प्रपत्रों की पूर्ति, मतपत्र लेखा तैयार करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण में ईव्हीएम व वीवीपैट का हैण्ड्स-ऑन प्रशिक्षण भी दिया तथा निर्वाचन से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी विस्तारपूर्वक दी गई। पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों को छोटे-छोटे समूह में इलेक्ट्रॉनिक ईव्हीएम व वीवीपैट के बारे में विस्तार से समझाईश देते हुए ईव्हीएम व वीवीपैट का संचालन भी करवाया गया।
