- मानस संघ और ग्राम पंचायत मतहा के तत्वाधान में हरियाली महोत्सव रामवन में रोपे गये 2500 से अधिक पौधे.
सतना, 22 जुलाई. मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि धरती मां के श्रृंगार के लिए वृक्षारोपण के अलावा कोई विकल्प नहीं है। वृक्ष है तो प्राण वायु है, जीवन है, पर्यावरण संरक्षण और संतुलन के लिए वृक्षों का दोहन किया जाना चाहिए, उनका शोषण नहीं होना चाहिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल रविवार को सतना जिले के सुप्रसिद्ध स्थल रामवन में मानस संघ और ग्राम पंचायत मतहा द्वारा आयोजित हरियाली महोत्सव के तहत ढाई हजार पौधों के रोपण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद श्री गणेश सिंह ने की। इस अवसर पर विधायक रामपुर बघेलान विक्रम सिंह, विधायक चित्रकूट सुरेन्द्र सिंह गहरवार, महापौर योगेश ताम्रकार, पूर्व विधायक प्रभाकर सिंह, एसडीएम आरएन खरे, मानस संघ के संरक्षक श्री कृष्ण माहेश्वरी, कार्यकारी अध्यक्ष सुधाकर चतुर्वेदी, अखण्ड प्रताप सिंह, कमलाकर चतुर्वेदी, अनिल जायसवाल, अतुल मेहरोत्रा, मीना बंसल, सरपंच मनीषां सिंह सहित रीवा और सतना जिले के गणमान्य नागरिक तथा आस-पास की ग्राम पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधि बडी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि रामवन में प्रवेश करते ही एक सुखद अनुभूति होती है। भगवान राम अपने वनवास काल में इस धरा से गुजरे होंगे। गुरू पूर्णिमा के अवसर पर धार्मिक स्थल रामवन में वृक्षारोपण का पवित्र कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान के स्थान की चमक बढ़ने से पूरे इलाके और क्षेत्र का विकास और चमक बढ़ती हे। रीवा का रानी तालाब का सौदर्यीकरण इसका उदाहरण है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि वृक्षा रोपण से धार्मिक स्थान का सौंदर्यीकरण और श्रृंगार के साथ ही पर्यावरण का संवर्धन भी हो रहा है। उ
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सांसद गणेश सिंह ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज देश ही नहीं पूरी दुनिया की समस्या बनती जा रही है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पर्यावरण के संतुलन के लिए एक पेड मां के नाम लगाने की अपील की है। विधायक विक्रम सिंह ने कहा कि पेड़ों से हमें ऑक्सीजन प्राणवायु मिलती है। मानव के जीवन में आक्सीजन का कितना महत्व है। यह कोरोना काल में सभी ने देखा है।
मानस संघ रामवन के संयोजक अखण्ड प्रताप सिंह ने बताया कि प्रसिद्ध स्थल रामवन में मानस संघ और ग्राम पंचायत मतहा के तत्वाधान में हरियाली महोत्सव में ढाई हजार पौधे एक साथ लगाये गये हैं, जिनमें रीवा की श्रीमती मीना बंसल ने अपने पति की स्मृति में 500 पौधे संरक्षित करने 2 लाख रूपये तथा सतना के मेहरोत्रा बिल्डिकान के अतुल मेहरोत्रा के पुत्र ने अपनी मां की स्मृति में 500 पौधे संरक्षित करने 2 लाख रूपये का योगदान किया है।
