- पत्रकारों से सुरेश पचौरी ने कहा..
भोपाल. 10 मार्च. भाजपा में शामिल होने के बाद सुरेश पचौरी ने पत्रकारों से कांग्रेस नेताओं का नाम लिए बगैर तंज कसते हुए कहा कि उधर राख पर न शोले हैं न अंगारे..कुछ तो बात होगी हम बेबफा हो गए. उन्होंने कहा कि भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण कांग्रेस ने जब ठुकराकर अनादर किया, उससे मुझे आघात पहुंचा और मैं आज भाजपा में शामिल हो गया.
पचोरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंदिर का निर्माण कराया. इससे बड़ी बात क्या हो सकती है. मैं सनातनी हूं. मैं राम का अनादर करने वालों के साथ नहीं चल सकता था. कांग्रेस ने जो नारा दिया था कि जात पर न पात पर मोहर लगेगी हाथ पर, लेकिन अब जातिगत जनगणना की बात कर जातीय संघर्ष बढ़ा रही है. मेरा ध्येय समाज सेवा और राष्ट्र सेवा का है. कांग्रेस का नारा न जात का न पात का, लेकिन अब इस नारे को दरकिनार कर दिया है. पिछले दिनों में जो राजनीतिक और धार्मिक निर्णय हो रहे हैं, वे सभी दुखी करने वाले साबित हो रहे हैं. इस मौके पर पूर्व सांसद गजेंद्र सिंह राजूखेड़ी ने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासियों के साथ हमेशा छल करने का काम किया है.
गौरतलब है कि पचौरी समेत कांग्रेस के दिग्गजों का भाजपा में आने का मुख्यमंत्री, पूर्व सीएम, प्रदेशाध्यक्ष समेत अनेक नेताओं ने स्वागत किया है. माना जा रहा हैकि जल्दी ही कांग्रेस से और भी नेता शामिल होने की खबर मिली है.
जहां भी गए राहुल, वहां कांग्रेस साफ : डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पचौरी के आने का स्वागत करते हुए कहा कि जहां-जहां राहुल गांधी के पांव पड़े, वहां-वहां कांग्रेस साफ हो गई. आज पचौरी का पार्टी में शामिल होना कोई मामूली घटना नहीं है. कांग्रेस नेतृत्व वरिष्ठ नेताओं को नजर अंदाज कर रहा, यह इस बात का प्रमाण है. हमारा राहुल गांधी से आग्रह है कि प्रदेश में दो-तीन यात्राएं चुनाव से पहले निकाल लें, ,ताकि कांग्रेस पूरी तरह साफ हो जाए. मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी महात्मा गांधी के उस सपने को साकार कर रहे हैं, जहां उन्होंने कहा था कि कांग्रेस को खत्म कर देना चाहिए. पचौरी सहित अन्य नेताओं के पार्टी में शामिल होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का परिवार और बढ़ गया है. पार्टी में सभी को सम्मान मिलेगा और हम सब मिलकर लोकसभा चुनाव 2024 में प्रदेश में प्रंचड जीत हासिल कर सभी 29 सीटें जीतेंगे।
कांग्रेस के लिए दुर्भाग्य का दिन : बीडी शर्मा
प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि शनिवार कांग्रेस के लिए दुर्भाग्य का दिन रहा, जब कांग्रेस में संत नेता कहे जाने वाले सुरेश पचौरी ने भाजपा का दामन थाम लिया. पचौरी ने हमेशा राजनीति को सुचिता के आधार पर किया. दो पूर्व प्रधानमंत्रियों के साथ काम किया. केंद्रीय मंत्री रहे, ईमानदारी और पूरी शिद्दत के साथ पार्टी का काम किया, पर पार्टी उनकी उपेक्षा करती रही. इन नेताओं के आने से ताकत में और इजाफा होगा और हम सब मिलकर काम करेंगे.
पचौरी की शालीनता का कायल रहा : शिवराज
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं सुरेश पचौरी को सालों से जानता हूं. हमारी विचारधारा अलग रही, पर मैं हमेशा उनकी शालीनता और सुचिता का कायल रहा हूं. देर से ही सही, पर पचौरी ने अब पार्टी की सदस्यता ले ली है. उनके लिए कांग्रेस सही जगह नहीं थी. अब पार्टी उनके आने के बाद राजनीति में उनके अनुभव हमारे काम आएंगे.
तेरी गाली सुनी और तेरे को लेना पड़ा : विजयवर्गीय
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मजाकिया अंदाज में कहा कि तेरी गाली सुनी और तेरे को लेना पड़ रहा है. यह सुनकर संजय जोर से हंस दिए. साथ में कैलाश ने भी ठहाका लगाया. उनके इस मजाक का वीडियो वायरल हुआ है. इस पर सुरेश पचौरी ने भी हसंते हुए कहा, कैलाश विजयवर्गीय से हमें मंत्र सीखना है कि चुनाव लड़े, तो जीता कैसे जाता है? इसलिए पार्टी में आया हूं.
