समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी – अपर कलेक्टर मैहर ने वेयरहाउस का किया निरीक्षण

Satnafirst Desk
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now

सतना 2 मई. राज्य शासन के निर्देशानुसार मैहर जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के कार्य में खरीद किये गये गेहूं का भंडारण वेयरहाउस में किया जा रहा है। परिवहन और भंडारण के कार्य की व्यवस्थाओं को जांचने अपर कलेक्टर मैहर शैलेंद्र सिंह ने विकासखंड अमरपाटन के वेयरहाउस का निरीक्षण किया।

उन्होने अपर्णा वेयरहाउस, सीता वेयरहाउस, अनंतश्री वेयरहाउस और दुलरिया वेयरहाउस मौहरिया लालन अमरपाटन का निरीक्षण कर गेहूं भंडारण की स्थिति का अवलोकन किया। अपर कलेक्टर ने वेयरहाउस के संचालकों और कर्मचारियों को खाद्यान्न का रख-रखाव सही ढंग से और अभिलेखों को अपडेट रखने के निर्देश दिए।

सहकारी समिति ओबरी ब्लैक लिस्टेड कर उपार्जन कार्य से किया पृथक

कलेक्टर अनुराग वर्मा ने सेवा सहकारी समिति ओबरी को उपार्जन कार्य से पृथक करते हुये ब्लैक लिस्टेड करने का आदेश जारी किया है। यह आदेश सेवा सहकारी समिति ओबरी द्वारा कृषक पंजीयन के कार्य में बिना दस्तावेजों का परीक्षण किये गये बिना अवैधानिक तरीके पंजीयन करने पर जारी किया गया है।

आदेश में कहा गया है कि रबी विपणन वर्ष 2024-25 में ग्राम कंदवा तहसील रामपुर बघेलान निवासी श्रीनिवास शर्मा द्वारा गेहूं विक्रय के लिये पंजीयन रामानुजम विपणन सहकारी समिति में कराया गया था। संपूर्ण उपज का विक्रय एक बार में ही किया जा सके, इसके लिये पंजीयन के दौरान श्री शर्मा ने अपनी पत्नी सुनीता शर्मा के नाम पर दर्ज रकबे को भी जोड़ने का अनुरोध किया था। एनआईसी में दर्ज जानकारी के अनुसार जानकारी का मिलान नहीं होने पर रामानुजम विपणन सहकारी समिति द्वारा पंजीयन निरस्त कर दिया गया। लेकिन सेवा सहकारी समिति ओबरी ने पंजीयन कार्य में अनियमितता बरतते हुये और शासन की नीति-निर्देशो का उल्लंघन करते हुये आवदेक रमाशंकर शर्मा की पत्नी सुनीता शर्मा के नाम दर्ज आराजी को खरमसेड़ा की सुनीता पटेल पति रामकुसल पटेल के पंजीयन में जोड़ दिया।

सेवा सहकारी समिति ओबरी के इस कृत्य से कृषक कल्याणकारी योजना पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। साथ ही शासन के आदेशों के पालन और दायित्वों को निर्वहन करने में घोर लापरवाही और अनियमितता बरती गई है। जिसके फलस्वरुप कलेक्टर अनुराग वर्मा ने सेवा सहकारी समिति को ब्लैक लिस्टेड करते हुये उपायुक्त सहकारिता को समिति प्रबंधक अखिलेश श्रीवास्तव और कंप्यूटर ऑपरेटर रंटू सिंह के विरुद्ध तत्काल एफआईआर करने के निर्देश दिये हैं।

गेहूं स्टॉक की घोषणा भारत सरकार के पोर्टल पर करनी होगी

भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग द्वारा गेहूं के व्यापारियों, थोक व्यापारियों, खुदरा विक्रेताओं, बिग चेन रिटेलर्स एवं प्रसंस्करणकर्ताओं के लिये गेहूं के स्टॉक की घोषणा करने व्हीट स्टॉक पोर्टल तैयार किया गया है। इस पोर्टल पर व्यापारियों को प्रत्येक शुक्रवार को गेहूं के स्टॉक की घोषणा करनी होगी।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग मध्यप्रदेश ने कलेक्टर्स को भारतीय खाद्य निगम एवं गुणवत्ता नियंत्रण प्रकोष्ठ और राज्य शासन के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर भारत सरकार के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये हैं। कलेक्टर सतना अनुराग वर्मा ने आदेश के पालन में खाद्य सुरक्षा विभाग और कृषि उपज मंडी के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि जिले के समस्त पंजीकृत व्यापारियों से भारत सरकार के पोर्टल में गेहूं स्टॉक की घोषणा नियमित रुप से दर्ज कराना सुनिश्चित करायें।

Share This Article