जीएमएच रीवा में लहराया सौ फीट ऊँचा तिरंगा

Satnafirst Desk
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now

-उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने ध्वज स्तंभ का लोकार्पण किया.

भोपाल. 10 मार्च . उप मुख्यमंत्री  राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा में गाँधी मेमोरियल हॉस्पिटल परिसर में 100 फीट ऊँचे ध्वज स्तंभ का लोकार्पण किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज सबको राष्ट्र सेवा के लिये प्रेरित करता है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में राष्ट्रीय एकता और देश प्रेम की लहर चल रही है। इस भावना को प्रकट करने के लिए आज सौ फिट का शानदार तिरंगा फहराया गया है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे देखकर सबके मन में सहज ही देश के प्रति सम्मान और प्रेम की भावना जागृत होगी। सांसद  जनार्दन मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, नगर निगम के अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, डीन मेडिकल कालेज डॉ मनोज इंदुलकर और बड़ी संख्या में समाजसेवी उपस्थित रहे।

नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच अभियान , स्वस्थ रीवा के संकल्प को करेंगे पूरा – उप मुख्यमंत्री

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि अधोसंरचनात्मक विकास कार्यों के साथ स्वस्थ और खुशहाल रीवा के संकल्प को पूरा करने के लिए वृहद् स्वास्थ्य जाँच अभियान शुरू किया गया है। नियमित रूप से स्वास्थ्य की जाँच से रोगों के प्रकोप, पोषक तत्वों की कमी, रोग प्रतिरोधक क्षमता की स्थिति की समय से जानकारी हो जाती है। इससे बड़े रोग के भी लक्षण समय से पता चलते हैं तो उपचार से उससे पूरी तरह से बचाव हो जाता है। उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने मेडिकल कालेज रीवा के सभागार में वृहद स्वास्थ्य जाँच अभियान का शुभारंभ किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हर नागरिक इन शिविरों में जाँच की सुविधा का लाभ लेकर और डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाई ले। व्यायाम, प्राणायाम, योगाभ्यास करे जिससे स्वास्थ्य की रक्षा हो। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के अभाव में हम कई बार गंभीर रोगों का शिकार हो जाते हैं। हर व्यक्ति अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहे।

नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच अभियान मेडिकल कालेज, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा संजीवनी केन्द्रों में 22 मार्च तक जारी रहेगा। अभियान में मुख्य रूप से असंचारी रोगों की जाँच की जायेगी। सांसद श्री जनार्दन मिश्र, कलेक्टर प्रतिभा पाल, डीन डॉ. मनोज इंदुलकर स्थानीय जनप्रतिनिधि, आमजन उपस्थित थे।

Share This Article