- अपर कलेक्टर मैहर ने ली राजस्व, पुलिस और व्यय अनुवीक्षण टीमों की बैठक.
मैहर, 22 मार्च. अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मैहर शैलेंद्र सिंह ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन की घोषणा के साथ ही संपूर्ण मैहर जिले में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है। शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, विधि-सम्यक मतदान के लिये सभी इन्फोर्समेंट एजेंसियां और व्यय अनुवीक्षण सेल की टीमें उड़नदस्ते दल, एसएसटी, एफएसटी, एलएमटी अपनी कार्यवाहियां तेज करें।
उन्होने कहा कि राजस्व और पुलिस के अधिकारी संयुक्त रुप से अपने-अपने क्षेत्र का भ्रमण करें। चिन्हित असामाजिक तत्वों के विरुद्ध 107/16 तथा उल्लंघन पर 122 की बाउंड ओव्हर की कार्यवाहियां तेज करें। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मैहर मुकेश वैश्य भी उपस्थित थे। अपर कलेक्टर मैहर श्री सिंह ने कहा कि सभी सेक्टर अधिकारी मैहर और अमरपाटन विधानसभा के अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रो का भ्रमण कर सभी आवश्यक मूलभूत सुविधायें सुनिश्चित करायें। आदर्श आचरण संहिता के उल्लंघन की शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करें और आवश्यक होने पर एफआईआर भी दर्ज करायें।
इन्फोर्समेंट एजेंसी और आबकारी दस्ते एलएमटी को निर्देशित किया कि चुनाव में उपयोग के लिये किसी भी स्थान पर रिश्वत या उपहार की वस्तुयें, नकदी, शराब इत्यादि के संग्रहण, परिवहन पर कड़ी नजर रखें और सीजर की कार्यवाही सुनिश्चित करें।
